PM मोदी का असम दौरा आज, कई परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम का दौरा करेंगे. वहां के कार्बी आंगलोंग जिले के दीफू में ‘शांति, सद्भाव और विकास’ रैली को संबोधित करेंगे. साथ ही वो शिक्षा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक की अलग-अलग प्रोजेक्ट्स की आधारशिला भी रखेंगे. इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी. पीएमओ के मुताबिक प्रधानमंत्री डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज भी जाएंगे और वहां नवनिर्मित डिब्रूगढ़ कैंसर अस्पताल के अलावा छह अन्य कैंसर अस्पतालों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. साथ ही 7 नए कैंसर अस्पतालों की आधारशिला रखेंगे.
बता दें कि असम सरकार और टाटा ट्रस्ट्स के संयुक्त उपक्रम के तहत ‘असम कैंसर केयर फाउंडेशन’ द्वारा राज्य में कुल 17 किफायती कैंसर अस्पतालों का निर्माण किया जा रहा है. पहले फेज में 10 ऐसे अस्पताल बनेंगे. इनमें से सात का निर्माण हो चुका है और तीन निर्माण के अलग-अलग चरणों में हैं. दूसरे चरण में सात नए कैंसर अस्पताल बनाए जाने हैं.