देश में घटे कोरोना के केस, पिछले 24 घंटों में 1,247 नए मामले आए, एक दिन पहले से 43% कम


भारत में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 1,247 नए मामले सामने आए. एक शख्स की कोरोना की वजह से मौत हुई. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को यह जानकारी दी गई. देश में एक दिन पहले के मुकाबले नए कोरोना केसों की संख्या में मंगलवार को लगभग 43 फीसदी की गिरावट आई है. सोमवार को 2183 नए कोविड केस सामने आए थे, जो उससे एक दिन पहले से लगभग 90 फीसदी ज्यादा थे. पिछले करीब एक महीने में ये पहला मौका था, जब कोरोना केसों का आंकड़ा 2 हजार को पार कर गया था.

सोमवार को कोरोना केसों में अचानक आई 90 फीसदी की उछाल से चिंता फैल गई थी. लेकिन बाद में पता चला कि इनमें लगभग आधे केरल के पिछले 5 दिनों में आए केस हैं, जो उसने एकसाथ जोड़ दिए थे. केरल ने सोमवार को 1150 केस रिपोर्ट किए थे. इसके बाद केंद्र ने राज्यों से कहा कि वे अपने कोरोना मामले रोजाना अपडेट किया करें.