सावधान! दिल्ली में 26% तो हरियाणा में 50 फीसदी बढ़े वीकली केस, डराने लगी कोरोना की यह रफ्तार
देश में भले ही साप्ताहिक कोरोना मामलों (वीकली कोरोना केस) में गिरावट जारी है, मगर दिल्ली-हरियाणा में इसकी रफ्तार बढ़ती ही जा रही है. दिल्ली और हरियाणा में जिस रफ्तार से केस बढ़ रहे हैं, उससे चौथी लहर को लेकर डर फिर से बढ़ने लगा है. दिल्ली में बीते कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में उछाल जारी है और दैनिक आंकड़ा डेढ़ सौ के करीब पहुंच चुका है. इस तरह से दिल्ली में जहां वीकली केसों में 26 फीसदी तो हरियाणा में 50 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है. दिल्ली में रविवार को जहां 141 नए मामले दर्ज किए गए, वहीं एक मरीज की भी मौत हुई है.
आंकड़ों की मानें तो दिल्ली ने एक सप्ताह के दौरान नए मामलों में 26% की वृद्धि दर्ज की है. तीसरी लहर के पीक के बाद से संक्रमण में गिरावट के उलट राजधानी ने पिछले सात दिनों में 751 से 943 नए मामले दर्ज किए. टेस्टिंग की संख्या कम होने के साथ दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट बीते कई दिनों से 1 फीसदी से ऊपर दर्ज किया जा रहा है.