गुजरात: केमिकल कंपनी में ब्लास्ट, 6 कर्मचारियों की मौत
गुजरात के भरूच में एक केमिकल कंपनी में विस्फोट हो गया है. इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है. घटना अहमदाबाद से करीब 235 किलोमीटर दूर दहेज औद्योगिक क्षेत्र स्थित यूनिट में तड़के करीब तीन बजे हुई. भरूच की पुलिस अधीक्षक लीना पाटिल ने कहा कि छह स्टाफ एक रिएक्टर के पास काम कर रहे थे. इसी दौरान वहां विस्फोट हो गया.
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक लीना पाटिल ने कहा, ‘रिएक्टर में विस्फोट से फैक्ट्री में आग लग गई. रिएक्टर के पास काम करने वाले सभी छह लोगों की मौत हो गई. बाद में शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. साथ ही आग पर भी काबू पा लिया गया है.’
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि एक स्टाफ धमाके की वजह से लापता हो गया है. जिसकी तलाश की जा रही है. धमाका इतना तेज़ था की इसकी आवाज़ दूर तक सुनाई दी. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल कंपनी की तरफ से हादसे को लेकर कोई अधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.