संयुक्त राष्ट्र ने कोरोना को लेकर किया अलर्ट, कहा- महामारी अभी नहीं हुई है खत्म, यूरोप और एशिया से डरावने आंकड़े

औसतन हर चार महीने पर सार्स-कोव-2 वायरस का एक नया वेरिएंट सामने आने के मद्देनजर संयुक्त राष्ट्र (UN) महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने आगाह किया है कि कोविड-19 महामारी अभी खत्म नहीं हुई है, क्योंकि एशिया में बड़े पैमाने पर इसके मामले दर्ज किए जा रहे हैं. गुतारेस ने सरकारों और दवा कंपनियों से हर जगह, हर व्यक्ति तक टीके पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया.

यूएन महासचिव ने शुक्रवार को गावी कोवैक्स एडवांस मार्केट कमिटमेंट समिट-2022 में दिए एक वीडियो संदेश ‘वन वर्ल्ड प्रोटेक्टेड-ब्रेक कोविड नाउ’ में कहा, “यह बैठक इस बात की याद दिलाने के लिए अहम है कि कोविड-19 महामारी अभी खत्म नहीं हुई है. रोजाना औसतन 15 लाख नए मामले सामने आ रहे हैं. एशिया में बड़े पैमाने पर मरीज मिल रहे हैं. पूरे यूरोप में एक नयी लहर फैल रही है.”

मृत्यु दर सबसे अधिक
गुतारेस ने कहा कि कुछ देशों में महामारी की शुरुआत के बाद से मृत्यु दर सबसे अधिक दर्ज की जा रही है. उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप ने सबको हैरत में डाल दिया था और यह इस बात की याद दिलाता है कि उच्च टीकाकरण दर के अभाव में वायरस कितनी जल्दी उत्परिवर्तित होकर फैल सकता है.