Hero MotoCorp के हेड पवन मुंजाल पर IT का बड़ा एक्शन
हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) के चेयरमैन पवन मुंजाल (Hero MotoCorp Chairman Pawan Munjal) पर इनकम टैक्स (IT Raid) की टीम ने बड़ा एक्शन लिया है. आयकर विभाग संदिग्ध टैक्स चोरी को लेकर हीरो मोटोकॉर्प के मुखिया पवन मुंजाल और कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े कई परिसरों पर छापेमारी कर रहा है. NDTV ने आयकर विभाग के सूत्रों के हवाले से कहा कि गुरुग्राम, हरियाणा, दिल्ली और कुछ अन्य स्थानों पर स्थित पवन मुंजाल के कार्यालयों और आवासीय परिसरों में छापेमारी जारी है.
एनडीटीवी की खबर की मानें तो इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के सूत्रों का कहना है कि विभाग के अधिकारियों की एक टीम कंपनी और प्रमोटरों के वित्तीय दस्तावेजों और अन्य व्यावसायिक लेनदेन की जांच कर रही है. आयकर विभाग के सूत्रों ने कहा कि हीरो मोटोकॉर्प के अध्यक्ष पवन मुंजाल के अलग-अलग परिसरों में तलाशी ली जा रही है. हीरो मोटोकॉर्प और उसके वरिष्ठ अधिकारियों के दो दर्जन से अधिक परिसरों की भी तलाशी ली जा रही है. टैक्स चोरी के संदेह पर तलाशी और जब्ती कार्रवाई हो रही है.