अंडमान में असनी चक्रवातीय तूफान की आज प्रबल आशंका, IMD ने जारी किया अलर्ट


भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department-IMD) ने कहा है कि उत्तरी अंडमान सागर (North Andaman Sea) में जो गहरे दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, उसके आज यानी मंगलवार को चक्रवातीय तूफान में बदलने की आशंका है. इसके बाद इसके बुधवार सुबह तक यह म्यांमार के तटीय क्षेत्र थांडवे में पहुंचने की संभावना है. सोमवार को उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर मौसमी चक्र निम्न दबाव से गहरे दबाव में बदल गया था जो 13 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ रहा था. यह अंडमान द्वीप समूह में मायाबंदर से लगभग 120 किमी पूर्व-उत्तर पूर्व और म्यांमार में थंडवे तट से 570 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में शाम 5:30 बजे तक केंद्रित था.असनी के मद्देनजर अंडमान प्रशासन अलर्ट पर है.

आईएमडी ने कहा है कि अगले 12 घंटे में इसके चक्रवातीय तूफान में बदलने की पूरी आशंका है. यानी आज अंडमान में चक्रवातीय तूफान की प्रबल आशंका है. यदि तूफान आता है तो इसका नाम असनी (Asani) होगा. इसका नाम श्रीलंका ने दिया है.