कवि सम्मेलन में महिला साहित्यकारों का सम्मान

ग्वालियर। जाने कैसा चरागे महफिल है, जिसके जलने से बुझ गये चेहरे। तुम्हें हम भूलकर फिर कुछ नया गुनगुनाते हैं, समन्दर में उठी लहरों से कुछ सीख जाते हैं। कुछ इस तरह की पंक्तियों से सरावोर रहा ग्वालियर के हजीरा में स्थित नवीन पार्क का परिसर। मौका था अलख- सामाजिक एवं जनकल्याण समिति, ग्वालियर द्वारा संस्कृति संचालनालय मध्यप्रदेश भोपाल के सहयोग से आयोजित कवि सम्मेलन एवं महिला साहित्यकार सम्मान सम्मारोह का।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस जागरुकता कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए ग्वालियर के महापौर विवेक नारायण शेजवलकर एवं पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता। जबकि विशेष अतिथि के रुप में सामाजिक कार्यकर्ता एवं मिशन मोदी अगेन पीएम अभियान के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र साहू, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/जज शिवकांत एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी हर्षराज दुबे मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश जादौन चेयरमेन साडा (राज्य मंत्री दर्जा म.प्र. शासन) ने की।
अतिथियों ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के दौर में महिलाओं को सशक्त बनाने से ही समाज मजबूत होगा। महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने अपने उदबोधन मे कहा कि हमे महिलाओं का हर रोज स्मामन करना चाहिए केवल दिवस पर ही नही। सामाजिक कार्यकर्ता नरेन्द्र साहू ने कहा कि समाज तभी समृद्धशाली बनेगा जब महिलाएँ हर क्षेत्र में आगे बढेंगी। वर्तमान दौर में महिलाओं का सम्मान व ओहदा बढ़ने से तरक्की के रास्ते भी खुल रहे है।
साडा चेयरमेन राकेश जादौन ने अलख संस्था द्वार किये गये कार्यों व कांच मिल हजीरा जैसे क्षेत्र में सफल जागरुकता कवि सम्मेलन व महिला शक्ति को सम्मानित करने पर संस्था पदाधिकारियों की प्रशंसा की। इसी तरह समारोह में मौजूद न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री शिवकांत एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी हर्षराज दुबे ने महिलाओं व बच्चों के कानूनी सरंक्षण अधिकारों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
इस अवसर पर मौजूद अतिथिगण ने नारी शक्ति की प्रतीक साहित्यकार, कवियित्री सुश्री प्रतिभा शर्मा, कांदबरी आर्य, सुनीति बैस व रेखा दीक्षित को शाल श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। संस्था की ओर से समाज का नेतृत्व करने वाली श्रीमती समीक्षा गुप्ता पूर्व महापौर को लेडी लीडर के रुप में सम्मानित किया गया। इसी तरह सामाजिक कार्यकर्ता व महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अपना विशेष योगदान देने वाले नरेन्द्र साहू को भी खास तौर पर सम्मानित किया गया।
प्रारंभ में अतिथियो का स्वागत अलख संस्था की ओर से डा. निरुपम गुप्ता, जावेद खान, गजेन्द्र राजौरिया, मनोज साहू, सतीश साहू, भारती तिवारी आदि ने किया। कार्यक्रम का संचालन व अलख संस्था का प्रगति प्रतिवेदन सचिव जावेद खान ने प्रस्तुत किया। आभार संस्था अलख की ओर से डा. निरुपम गुप्ता ने व्यक्त किया।