CM Yogi Interview: यूपी चुनाव में सपा के साथ मिलकर कांग्रेस कर रही 'खेला', मगर जनता सब समझती है- योगी

गोरखपुर. उत्तर प्रदेश चुनाव के पहले चरण के मतदान से लगभग एक हफ्ते पहले गोरखपुर से भाजपा प्रत्याशी योगी आदित्यनाथ News18 हिंदी के मंच पर थे. चुनावी माहौल, विपक्षी दलों के हमले, बीजेपी की रणनीति जैसे कई मुद्दों पर योगी आदित्यनाथ ने नेटवर्क18 के एमडी और ग्रुप एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी (Rahul Joshi) के साथ बेबाकी से बातचीत की. एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के दौरान योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने 80 बनाम 20, हिंदू-मुस्लिम जैसे मसलों पर उठे सवालों के साथ-साथ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की आंतरिक साठ-गांठ की ओर भी संकेत किया. योगी ने दो टूक लहजे में कहा- कांग्रेस को यूपी की जनता पहचानती है. कांग्रेस और सपा के बीच 2019 में भी साठ-गांठ थी, इस बार भी है. ये सब मैच फिक्सिंग कर बीजेपी को हराना चाहते हैं.

न्यूज़ 18 के मंच पर कांग्रेस पार्टीके इस चुनाव में प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के ढीले-ढाले संगठन के बारे में कटाक्ष किया. साथ ही कहा कि जनता उनके बारे में क्या सोचती है, यह आने वाले 10 मार्च को पता चलेगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब उतने लोग मिल नहीं रहे हैं. सीएम योगी के इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में एक बार फिर सरगर्मी आ सकती है. आपको बता दें कि सीएम योगी ने आज गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस दौरान उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे. नामांकन दाखिले से पहले अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने एक चुनावी सभा को भी संबोधित किया.

बीजेपी 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी

News18 के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि यूपी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर 300 सीटों का आंकड़ा पार करेगी. उन्होंने कहा कि जनता विकास चाहती है, इसलिए वह भाजपा का साथ देने का मन बना चुकी है. विपक्षी दलों के दावे और आरोपों का जवाब देते हुए योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के शासनकाल में हर वर्ग को तरक्की का अवसर मिला. सरकार ने तुष्टिकरण की भावना के साथ काम नहीं किया, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, यह सुनिश्चित किया.

गोरखपुर से ही क्यों मैदान में उतरे योगी

यूपी चुनाव के दौरान योगी आदित्यनाथ के मथुरा या अयोध्या से मैदान में उतरने की चर्चाएं थीं. लेकिन बीजेपी के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने से कुछ दिन पहले पार्टी ने उन्हें गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से ही चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया. इस मसले पर उठे सवाल का भी योगी आदित्यनाथ ने इंटरव्यू में जवाब दिया. न्यूज 18 के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि गोरखपुर शहर से उनका नाता पुराना है. चुनाव में उन्हें कहां से मैदान में उतारना है, यह फैसला उन्होंने पार्टी हाईकमान के ऊपर छोड़ दिया. पार्टी ने जो भी फैसला किया, वह उन्होंने स्वीकार किया.