UP News: सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की खुलेआम उड़ रही धज्जियां, नोएडा में बीच सड़क बर्थडे पार्टी में प्राइवेट गार्ड्स

ग्रेटर नोएडा. दिल्ली (Delhi) से सटे यूपी के ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) में सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के आदेशों की अवहेलना की ऐसी तस्वीरें वायरल हुई हैं, जो यह दर्शाता है कि आज भी समाज कानून व्यवस्था को धता बता रहा है. ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना इलाके का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमे कुछ लोग सड़क पर खड़े होकर जन्मदिन का जश्न मना रहे हैं. तभी वहां मौजूद एक शख्श हवा में गोली चला देता है. गोली चलाने वाला शख्श सोसाइटी का गार्ड है. हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. लेकिन हाल के के दिनों में हर्ष फायरिंग (Celebratory Firing) के ऐसे कई मामले सामने आए जिसमें कुछ लोगों को जान गंवानी पड़ी तो कुछ गए. इतना ही नहीं कई बार तो गार्डों की दबंगई भी देखने को मिली.

पुलिस(Police) के मुताबिक 16 दिसम्बर की रात्रि 12.30 बजे पैरामाउण्ड इमोसन सोसाइटी (Paramound Emotion Society) के मेन गेट पर जन्मदिन मनाते हुये दो गार्डों और दूसरे 2-3 लोगों द्वारा फायरिंग किये जाने की घटना प्रकाश में आयी है. इस संबंध में मामला दर्ज कर संजय कुमार, बादाम सिंह को मय असलहों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य दो-तीन शख्स जो प्रकाश में आये है, उनकी शीघ्र ही गिरफ्तारी की जायेगी.

ADCP ने कही ये बात
ADCP, सेंट्रल जोन इलामारन जी ने बताया कि पैरामाउण्ड इमोसन सोसाइटी के मेन गेट पर जन्मदिन मनाते हुये दो गार्डों व अन्य 2-3 व्यक्तियों द्वारा फायरिंग किये जाने की घटना पर कार्रवाई की गई है. आरोपी संजय कुमार और बादाम सिंह दोनों गार्ड गिरफ्तार किए गए हैं. गार्ड्स के असलहों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी. गौरतलब है कि यूपी समेत दिल्ली से सटे एनसीआर इलाके में शान की खातिर हर्ष फायरिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही है. जबकि सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं के लिए थाने के इंस्पेक्टर समेत क्षेत्राधिकारी भी जिम्मेदार होंगे.