बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही पर्यावरण के प्रति जागरूक करना आवश्यक : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान में साढ़े तीन साल की नन्हीं बेटी खुशी के साथ जामुन का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने करंज का पौधा भी रोपा। पौध-रोपण और कोरोना संकट काल में जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट तथा राशन किट वितरित करने में सक्रिय नर सेवा नारायण सेवा समिति के श्री धीरज सोनी, डॉ. मेघा सोनी और श्रीमती अचला सब्यसाची भी साथ थी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान से पौध-रोपण के समय बेटी खुशी ने कहा कि पौधा लगाने में खुशी होती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्यारी बिटिया खुशी का इतनी कम उम्र में पर्यावरण के प्रति लगाव देखकर प्रसन्नता हुई। बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही पर्यावरण के प्रति जागरुक करने के प्रयास, आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग और सक्रिय करने में सहायक होंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान अपने संकल्प के क्रम में प्रतिदिन पौधा लगाते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा सामाजिक संस्थाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तियों के साथ पौध-रोपण कर पर्यावरण को बचाने की गतिविधियों में सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

नर सेवा नारायण सेवा समिति द्वारा पौध-रोपण के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। समिति ने कोरोना काल में 80 हजार भोजन के पैकेट और 5 हजार राशन किट जरूरतमंद लोगों को वितरित किए। समिति पिछले पाँच साल से सर्दी के दिनों में जरूरतमंदों को कंबल भी वितरित कर रही है। समिति द्वारा आर्थिक और शारीरिक रूप से परेशान बुजुर्गों को लगातार दो वर्षों से सुबह-शाम नि:शुल्क टिफिन सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही बुजुर्गों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी किये जाते हैं।

आज लगाया गया करंज का पौधा आयुर्वेदिक चिकित्सा में महत्वपूर्ण माना गया है। करंज के पौधे का इस्तेमाल धार्मिक कार्यों में भी किया जाता है। जामुन एक सदाबहार वृक्ष है, जिसके फल अपने अनूठे स्वाद और औषधीय गुणों के कारण सर्वप्रिय हैं। यह वृक्ष भारत एवं दक्षिण एशिया के अन्य देशों तथा इण्डोनेशिया आदि में पाया जाता है।