इंदौर में विदेशों से लौटे 395 लोगों में से सिर्फ 216 की सैंपलिंग हुई, 95 लापता
इंदौर. कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर इंदौर में भी अलर्ट हो गया, नवंबर में विदेशों से इंदौर आए 395 लोगों की सूची स्वास्थ्य विभाग को मिली है। इनमें से 95 लोगों के बारे में पता नहीं लगा है। इस बीच कलेक्टर मनीष सिंह ने सोमवार शाम अधिकारियों व रैपिड रिस्पांस टीम की बैठक बुलाई। शुरूआती दौर में स्वास्थ्य विभाग को दो बार राज्य शासन ने विदेशों से आए लोगों की सूची मिली जिनमें 272 लोग थे इसके बाद और भी नई सूची मिली। कुल मिलाकर अब तक 395 लोगों की जानकारी है। ये वे लोग है जो 1 नवंबर से 30 नवंबर तक विदेशों से इंदौर आए है।
95 लोग ऐसे हैं इनकी लोकेशन ही ट्रैस नहीं हो रही
ये लोग अमेरिका, UK, नॉर्वे, स्वीडन आदि देशों से दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई, गोवा होते हुए इंदौर पहुंचे हैं। इनकी सैंपलिंग के लिए 38 टीमें जुटी हैं। हर टीम में एक डॉक्टर, एक स्टाफ नर्स व एक लैब टेक्नीशियन हैं। करीब एक हफ्ते में इनमें से 216 लोगों के RTPCR सैंपल लिए गए। बताया जाता है कि ये सभी नेगेटिव हैं, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। खास बात यह है कि अन्य 95 लोग तो ऐसे हैं, जो इंदौर आए लेकिन अब कहां हैं, इनकी लोकेशन ही ट्रैस नहीं हो रही है। इनमें से कुछ के नंबर बंद हैं, तो कुछ के ऑउट ऑफ कवरेज। इनके अलावा, जो लोग दूसरे राज्यों में चले गए हैं, उनकी सूचना संबंधित जिलों को दी गई है। इसके अलावा जो लोग नहीं मिले हैं, उसे लेकर चिंता बढ़ रही है।
सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों की भी रात को बैठक
उक्त बैठक के बाद कलेक्टर ने रात को जिले के सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों के सुपरिटेंडेंट्स, डायरेक्टर्स व उनके प्रतिनिधियों, CMHO सहित कोविड टीम एवं मेडिकल टीमों की बैठक प्रीतमलाल दुआ सभागृह में बैठक आयोजित की है।