सीएम हाउस का घेराव करने निकले एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, प्रदेश सचिव बेहोश

भोपाल. मुख्यमंत्री निवास घेरने निकले भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) कार्यकर्ताओं की पुलिस से रेडक्रॉस अस्पताल के पास भिड़ंत हो गई। कार्यकर्ताओं ने कई जगह बैरिकेड्स उठाकर फेंक दिए। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थर उछाल दिया। डीआईजी इरशाद वली माइक से अनाउंस करते रहे कि कोई लाठीचार्ज नहीं करे लेकिन पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान एनएसयूआई के प्रदेश सचिव अभिमन्यु तिवारी बेहोश हो गए जिसके बाद उनको अस्पताल भेजा गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की लाठी से वे बेहोश हुए है।

एनएसयूआई कार्यकर्ता शिक्षा बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत गुरुवार को सीएम शिवराज सिंह के आवास का घेराव करने पीसीसी मुख्यालय पर जुटे थे। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक कुणाल चौधरी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी उपस्थित थे।

यहां से कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए निकले। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को घेरने के लिए रेडक्रॉस चौराहे के पास बैरिकेडिंग और वॉटर कैनन तैनात किए थे। यहां पर कलेक्टर अविनाश लवानिया और डीआईजी इरशाद वली मौजूद थे। डीआईजी कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्वक गिरफ्तारी देने की बात कर रहे थे, तभी बैरिकेडिंग के पास पहुंचे कार्यकर्ताओं में से किसी ने पुलिस की तरफ पत्थर उछाल दिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। कई कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी शुरू कर दी।