छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018: अजीत जोगी की ये चाल किसे करेगी बेहाल, कांग्रेस या बीजेपी?
पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी राजनीति के शतरंज के माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं. अजीत जोगी की हर चाल राजनीतिक पंडितों के लिए चर्चा और विरोधियों के लिए चिंता का कारण बन जाती है. छत्तीसगढ़ के इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और बसपा के गठबंधन की अटकलों के बीच अजीत जोगी ने नई चाल चली. 20 सितंबर 2018 को मायावती की पार्टी बसपा से अजीत जोगी ने अपनी पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) का गठबंधन कर लिया. ये नई चाल चलकर अजीत जोगी ने खुद को भाजपा और कांग्रेस के बाद थर्ड फ्रंट के रूप में खड़ा कर दिया है.
आम राजनीतिक धारणा यह है कि जोगी के इस कदम से छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस पार्टी को है. इसके दो कारण हैं. पहला तो यह कि जोगी खुद कांग्रेस से अलग होकर मैदान में उतरे हैं. दूसरा मायावती और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के साथ किया हुआ गठबंधन कांग्रेस के वोट बैंक को ही टारगेट करेगा. बीजेपी के नेता भी अपनी सभाओं और मीडिया के साथ बातचीत में इसी को बार-बार रेखांकित कर रहे हैं.
जोगी छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री थे. 2003 चुनाव में हार के बाद से स्थानीय कांग्रेस नेता जोगी को ही पार्टी की हार के लिए जिम्मेदार बताते रहे हैं. जोगी कार्यकाल के दौरान कांग्रेस का मध्यप्रदेश के दिग्विजय सिंह कार्यकाल से भी बुरा हाल हो गया. वहां बीजेपी दिग्विजय तो यहां जोगी के नाम पर मतदाताओं को चेतावनी देती रही है कि यदि कांग्रेस आई तो फिर से छत्तीसगढ़ में जोगी-राज आएगा. छत्तीसगढ़ बनने के बाद यह पहला ऐसा चुनाव है जब अजीत जोगी कांग्रेस पार्टी में नहीं है. अब स्थानीय कांग्रेस नेता जोगी कार्यकाल का दाग धुला मान रहे हैं. उसे लेकर हमले नहीं झेल रहे हैं.
कांग्रेस में रहते हुए जोगी 20-25 फीसदी सीटों पर एकाधिकार रखते थे. इन सीटों पर कौन चुनाव लड़ेगा कौन नहीं इसका फैसला पार्टी नहीं बल्कि जोगी खुद करते थे. ऐसे में कोई भी पार्टी चुनाव के लिए उम्मीदवारों को चुनते वक्त जो सामान्य पॉलिटिकल एक्सरसाइज करती है वह कांग्रेस के अंदर हो पाना संभव नहीं था. लेकिन अब कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल दावा कर रहे हैं कि उन्होंने हर एक बूथ के कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की है. बघेल का यह भी कहना है कि ऐसा करने से कार्यकर्ता कांग्रेस की चुनाव प्रक्रिया में शुरू से ही जुड़ गया जो पहले अपने आप को कटा हुआ महसूस क