ग्वालियर में 22 दिन बाद कोरोना की दस्तक, बाजारों में भीड़, मास्क, सोशल डिस्टेंस में लापरवाही का नतीजा एक्टिव केस
ग्वालियर. दीपावली के त्यौहार पर बाजारों की भीड़ के बीच एक बार फिर कोविड की दहशत पनप रही है। भीड़ में लोग बिना मास्क, सोशल डिस्टेंस के बेखौफ घूमते नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि एक्टिव केस जीरो होने ठीक 22 दिन बाद गुरुवार को शहर में दो संदिग्ध मरीजों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मतलब दो नए कोरोना मरीज मिलने के साथ ही अब एक्टिव केस 2 हो गए हैं। पॉजिटिव आने वाले दोनों मरीज हाल ही में बाहर से आए हैं। इनमें एक सेना का जवान और एक मेडिकल स्टूडेंट है। 22 दिन पहले 6 अक्टूबर पितृ मोक्ष अमावस्या के दिन 18 महीने 12 दिन बाद ग्वालियर में एक्टिव केस “जीरो’ हुए थे। पर कोरोना मुक्त हुए सिर्फ 22 दिन ही ग्वालियर गुजार पाया और अब फिर से कोविड की दहशत हो गई है।
मध्य प्रदेश में कोविड फिर से पांव पसार रहा है। बाहर से लौटने वाले लोगों की बदौलत फिर एक्टिव केस बढ़ने लगे हैं। प्रदेश के भोपाल, इंदौर व जबलपुर के बाद अब ग्वालियर में भी नए कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं। इसी समय दीपावली के त्यौहार के चलते बाजारों में लोग बेखौफ खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। न मास्क नजर आ रहा है न ही सोशल डिस्टेंस दिख रहा है। यहां तक की प्रशासन भी कोविड गाइडलाइन का पालन कराने में दिलचस्पी नहीं ले रहा है। कहीं एक बार फिर कोविड इन बाजारों की भीड़ के जरिए वापस न फैल जाए। गुरुवार रात को स्वास्थ्य विभाग से जारी रिपोर्ट में 2435 जांच सैंपल में से 2 लोगों की रिपोर्ट में कोरोना होने की पुष्टि हुई है। ग्वालियर में 6 अक्टूबर को एक्टिव केस 00 हो गए थे जिसके बाद से एक भी केस नहीं मिला था। अब 22 दिन बाद फिर से कोविड के दो मरीज मिलने के बाद कोरोना ने दस्तक दे दी है।