पहली मेड इन इंडिया ट्रेन: बिना इंजन दौड़ेगी 160 Km/h की रफ्तार से

देश की पहली मेड इन इंडिया ट्रेन जिसका नाम फिलहाल ट्रेन-18 बताया जा रहा है, बनकर तैयार है और अगले हफ्ते से ट्रैक पर इसका ट्रायल भी शुरू कर दिया जाएगा. ख़ास बात यह है कि ये बिना किसी इंजन (लोकोमोटिव) के बिना चलेगी और एक ट्रेन बनाने में करीब 100 करोड़ रुपए की लागत आई है.


चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF ) के जनरल मैनेजर सुधांशु मनी ने एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत में बताया कि अगले हफ्ते से इस ट्रेन का ट्रायल शुरू हो जाएगा. इस ट्रेन को आईसीएफ ने ही तैयार किया है और इंडियन रेलवे को वही इसे मैन्यूफेक्चर भी करेगी.

सुधांशु के मुताबिक दूसरी ट्रेन मार्च तक डिलीवर किए जाने की उम्मीद है. जब ऐसी कई ट्रेन तैयार कर ली जाएगी तो इसकी लागत 100 करोड़ रुपए से भी कम हो जाएगी.


मिली जानकारी के मुताबिक इस ट्रेन को शताब्दी-राजधानी जैसी ट्रेनों के रूट के लिए तैयार किया गया है. फिलहाल इसके दिल्ली-भोपाल, चेन्नई-बेंगलुरु और मुंबई-अहमदबाद रूट पर चलाए जाने की ख़बरें हैं.


ट्रेन में 16 ऐसी कोच और दो स्पेशल एक्जिक्यूटिव कोच होंगे. इसकी अधिकतम स्पीड 220 किलोमीटर प्रति घंटा है लेकिन फिलहाल इसका 160 की गति पर ही ट्रायल किया जाएगा. हर कोच में 6 सीसीटीवी कैमरे होंगे जबकि इसकी सीट 360 डिग्री पर ज़रुरत के हिसाब से घुमाई जा सकेंगी.