ग्वालियर में डेंगू का विस्फोट, 24 घंटे में रिकॉर्ड 100 नए पॉजिटिव मिले

ग्वालियर. शहर में 24 घंटे में अब तक के सबसे ज्यादा 100 नए डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इनमें ग्वालियर से ही 69 मरीज हैं, बाकी के 31 मरीज दूसरे जिलों से हैं, जिनका इलाज ग्वालियर में चल रहा है। 38 मरीजों की उम्र 18 साल से कम है। पिछले 24 घंटे में ही 81 घरों में रखे 102 कंटेनर में डेंगू का लार्वा मिला है। नगर निगम के स्वास्थ्य अमले ने कंटेनर्स को खाली कराकर जुर्माना वसूला है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शहर में कुल 214 सैंपल की जांच में 100 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 69 मरीज के साथ ग्वालियर में डेंगू पॉजिटिव की संख्या 805 हो गई है। पिछले साल सिर्फ 16 केस सामने आए थे।

जहां से कोविड फैला था, वहीं से डेंगू फैल रहा

वहीं डेंगू और कोविड में एक समानता देखने को मिल रही है। जिन वार्डों में कोरोना की दूसरी लहर में ज्यादा केस मिले थे, डेंगू के केस भी सबसे ज्यादा वहीं मिल रहे हैं। जय आरोग्य अस्पताल के ओपीडी में हर दिन 2200 से 2400 मरीज हर दिन आ रहे हैं। इनमें ज्यादातर वायरल से पीड़ित मरीज हैं। इनमें से 200 से ज्यादा डेंगू संदिग्ध होते हैं। ऐसा भी माना जा रहा है कि डेंगू संदिग्ध और डेंगू पॉजिटिव आने का रेशियो लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले 100 जांच सैंपल में से 25 और 30 डेंगू पॉजिटिव मिल रहे थे, लेकिन अब 100 जांच सैंपल में से 50 से 60 डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। यही कारण है कि तेजी से डेंगू फैल रहा है और आंकड़ा 800 के पार हो गया है।