दतिया में पीएम पर बरसे राहुल, कहा- चौकीदार ने ही करवा दी चोरी
दतिया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने दो दिन के ग्वालियर-चंबल दौरे पर दतिया पहुंचे. जहां उन्होंने मां पीतांबरा शक्ति पीठ में विशेष पूजा-अर्चना की. राहुल गांधी ने दतिया स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा.कार्यक्रम में उनके साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया, कमलनाथ और दीपक बावरिया मौजूद रहे.
दतिया स्टेडियम में राहुल गांधी औऱ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष गुरुदेव शरण गुप्ता और सेवड़ा के बीजेपी विधायक प्रदीप अग्रवाल के चाचा राधेलाल अग्रवाल कांग्रेस में शामिल हुए. ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभा को संबोधित किया. सभा में सिंधिया ने अमेरिका की सड़क, रेप, के अलावा भ्रष्टाचार और घोटालों को लेकर सवाल किया. इस दौरान कमलनाथ ने भी प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा. कमलनाथ ने कहा जितनी अफ्रीका में आत्महत्या नहीं होती है, उतनी आत्महत्या मध्यप्रदेश में होती है,
राहुल गांधी ने प्रदेश की शिवराज और केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने नीरव मोदी, विजय माल्या, ललित मोदी और मेहुल चौकसी द्वारा किए गए हजारों करोड़ के घोटाले का ठीकरा पीएम मोदी पर मढ़ा और कहा कि चौकीदार ने चोरी करवा दी। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़ा राफैल डील का मामला हो या फिर भाजपा के किसी विधायक के द्वारा किसी बेटी के साथ दुष्कर्म का मामला भाई नरेंद्र मोदी और उनकी पूरी टीम चुप्पी साध लेती है।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जब आए तब उन्होंने देश की बेटियों के लिए बहुत अच्छा नारा दिया। नारा था बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ। नारा मुझे भी बहुत पसंद आया और आना भी चाहिए क्योंकि देश की बेटियों से जुड़ा मामला है, लेकिन प्रधानमंत्री यह बताना भूले की बेटियां बचानी किससे हैं भाजपा के मंत्रियों से। यही नहीं उसके बाद उन्होंने राफैल मामले में भी जम कर अनिल अंबानी और नरेंद्र मोदी पर हमला किया।
मोदी जी चुप क्यों हैं
राफैल मामले में मोदी जी चुप हैं और खुद को चौकीदार कहते हैं लेकिन इसी चौकीदार ने चोरी करवा दी। राहुल जनसभा को संबोधित करते हुए काफी देर तक चुप हो गए, उसके बाद उन्होंने कहा कि मैंने नरेंद्र मोदी से किसानों से लेकर राफैल घोटाले तक कई बार मोदी जी से बात की लेकिन जवाब में मुझे मिली सिर्फ लंबी चुप्पी। राहुल ने इसी दौरान लोगों से कहा कि मैंने लोकसभा की कार्रवाही के दौरान भी कई बार किसानों का मामला उठाया लेकिन वह आंख में आंख डालकर बात नहीं करते हैं। वह कभी इधर कभी उधर देखते हैं। यही नहीं उन्होंने नीरव मोदी भाई, मेहुल चौकसी भाई कहे जाने पर भी खिंचाई करते हुए कहा कि आपने कभी किसान भाई, मजदूर भाई कहते हुए नहीं सुना होगा लेकिन ये सारे जो देश को 35000 करोड़ से अधिक का चूना लगा कर भाग गए हैं वह इनके भाई हैं।