राहुल गांधी का MP दौरा आज, मां पीतांबरा देवी शक्तिपीठ और दरगाह भी जाएंगे

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 2 दिन के चुनावी दौरे के लिए सोमवार को ग्वालियर पहुंच रहे हैं. राहुल गांधी अपने दौरे की शुरूआत मां पीतांबरा देवी के दर्शन से करेंगे. राहुल अगले दो दिन मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव वाले इलाके में रोड शो और रैली के जरिए चुनाव प्रचार करेंगे. शाम को राहुल गांधी ग्वालियर में रोड शो करेंगे. इस दौरान वह एक दरगाह में जियारत भी करेंगे.

मध्य प्रदेश के चंबल ग्वालियर क्षेत्र में विधानसभा की कुल 34 सीटें हैं. 2013 के चुनाव में बीजेपी ने इन 34 में से 20 सीटों पर कब्जा जमाया था. जाहिर सी बात है मध्य प्रदेश में सत्ता में वापसी का सपना संजोए कांग्रेस को इस इलाके में इस बार बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा. जिसके लिए कांग्रेस, राहुल गांधी को मैदान में उतारकर उसी की तैयारी कर रही है