रूस की पर्म यूनिवर्सिटी में फायरिंग, 8 छात्रों की मौत, कइयों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान

मॉस्को. रूस (Russia) की पर्म यूनिवर्सिटी (Perm State University) में सोमवार को फायरिंग हुई. न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की जानकारी के मुताबिक, फायरिंग में 8 छात्रों की मौत हो गई. पर्म में स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि घटना में 10 से अधिक लोग हताहत हुए हैं.

शूटर को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है. फायरिंग के दौरान कई छात्र जान बचाने के लिए बिल्डिंग की खिड़कियों से कूद गए. पर्म यूनिवर्सिटी से आई एक वीडियो ने सनसनी फैला दी है.

हमलावर की पहचान तिमूर बेकमांसुरोव के तौर पर हुई है. शूटिंग के पीछे क्या मकसद था, ये अभी साफ नहीं हो पाया है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पर्म शहर रूस की राजधानी मॉस्को से 700 मील पूर्व में स्थित है. रिपोर्ट के मुताबिक स्कूल के सोशल मीडिया ने सोमवार की सुबह परिसर में मौजूद सभी लोगों को सचेत किया कि अगर संभव हो तो परिसर को छोड़ दें या खुद को एक कमरे में बंद लें. जांचकर्ताओं ने कहा कि गोलीबारी में आठ लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में लोगों को खिड़की से कूदकर बाहर भागते हुए देखा जा सकता है.

आरटी न्यूज ने बताया कि रूसी सुरक्षा बल ने सोमवार सुबह पर्म क्राय क्षेत्र में पर्म स्टेट यूनिवर्सिटी (पीएसयू) में गोलीबारी करने वाले एक बंदूकधारी को मार गिराया है. रूस की TASS समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया है, “कुछ छात्रों ने हमलावर से खुद को बचाने के लिए विश्वविद्यालयों के सभागारों में खुद को बंद कर लिया. कुछ छात्र खिड़कियों से बाहर कूद गए.”

हमलावर ने बेहद आधुनिक हथियार से गोलियां बरसाईं. इलाके की घेराबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. एहतियात के तौर पर साइबेरिया में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है.