रनवे से सड़क पर फिसल गया अमेजन का कार्गो प्लेन, 5 की मौके पर मौत
अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन का एक कार्गो विमान (बोइंग 767-300) रनवे से फिसलकर सड़क पर जा पहुंचा. सैन जुआन, प्यूर्टो रिको से उड़ान भरकर आया यह विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे वाहन इसकी चपेट में आ गए और विमान में भीषण आग लग गई. मियामी-डैड काउंटी के अधिकारियों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और दो अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं.
मियामी-डैड फायर रेस्क्यू के प्रमुख रे जादल्लाह ने बताया कि हादसे के बाद कई लोग सड़क पर मौजूद वाहनों के अंदर फंस गए थे, जबकि विमान के पायलट और सह-पायलट भी कॉकपिट में ही फंस गए थे. आग बुझाने और राहत कार्य के लिए तुरंत 60 से अधिक दमकल इकाइयों को मौके पर भेजा गया. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, हालांकि दुर्घटना के कई घंटों बाद भी विमान से ईंधन के रिसाव को रोकने का काम जारी था.
सोशल मीडिया और न्यूज फुटेज में दुर्घटनास्थल के पास सड़क पर खड़ा हुआ विमान साफ नजर आया, जिसके पास दो सेमी-ट्रक भी मौजूद थे. आग लगने के बावजूद विमान का मुख्य ढांचा काफी हद तक सुरक्षित नजर आया और वह अपने पेट के बल रुका हुआ था. हालांकि घटना के बाद आसमान में काले धुएं का एक विशाल गुबार उठता हुआ दिखाई दिया. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक यह विमान नॉर्थ कैरोलिना की कार्गो कंपनी ’21 एयर’ द्वारा संचालित किया जा रहा था। फ्लाइटराडार 24 के आंकड़ों से पता चला कि यह 32 साल पुराना बोइंग 767 विमान मूल रूप से एक यात्री विमान था, जिसे 2015 में कार्गो विमान में बदला गया था. इस भीषण हादसे के कारण मियामी एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और रविवार देर शाम तक लगभग 250 उड़ानें देरी से चल रही थीं.