Rajasthan Politics: गहलोत की अमरिंदर को नसीहत पर BJP का तंज, बोली - खुद क्यों नहीं करते अमल ?

जयपुर. पंजाब की सियासी उठापटक (Punjab Political Crisis) के बाद राजस्थान कांग्रेस (Rajasthan Congress) में हो रही हलचल से बीजेपी (BJP) की बांछें खिल गई हैं. बीजेपी ने सीएम अशोक गहलोत की ओर से पंजाब के पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह को दी गई नसीहत पर तंज कसते हुये कहा कि वे खुद क्यों नहीं इस पर अमल करते हैं ? इस पूरे घटनाक्रम से बीजेपी के खुश होने के कई कारण हैं. बीजेपी को लगता है कि कांग्रेस आलाकमान अब गहलोत पर मंत्रिमंडल विस्तार के लिए दबाव बनायेगा. असंतुष्ट धड़े को अहम पद देने के लिए गहलोत को मजबूर करेगा. उसके बाद बाद कांग्रेस के असंतुष्ट धड़े और गहलोत कैंप के बीच खाई और बढ़ेगी. बीजेपी इसमें अपना सियासी मुनाफा ढूंढ रही है.

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि पंजाब के घटनाक्रम से सरकार के पाये हिल गये हैं. इसलिए वो डरे हुए व्यक्ति की तरह पंजाब के पूर्व सीएम को नसीहत दे रहे हैं. उनकी जमीन खिसक रही है. कांग्रेस पार्टी से बड़े नेताओं का मोहभंग हो गया है. हालांकि कुछ महीनों पहले तक सरकार के जल्द गिरने का दावा करने वाले पूनिया अब सरकार गिरने की बात तो नहीं करते लेकिन पंजाब में हुई सियासी उठापटक से बीजेपी खेमे में अचानक सियासी सरगर्मियां बढ़ती दिख रही हैं.

बीजेपी की उम्मीदों को लगे हैं पंख

सीएम अशोक गहलोत की ओर से कैप्टन अमरिंदर सिंह को दी गई नसीहत का बीजेपी के नेता दिनभर अलग-अलग अर्थ लगाते रहे. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ दोनों ने ही इस मसले पर सीएम को घेरा. हालांकि पिछले सालभर से मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही बीजेपी की सरकार के गिरने की तमाम भविष्यवाणियां गहलोत के जादू के आगे थोथी साबित हुई हैं. लेकिन अब पंजाब के घटनाक्रम के बाद बीजेपी उम्मीद कर रही है कि सूबे में सियासी घमासान फिर शुरू हो ताकि उनकी गुटबाजी की खबरें दबकर रह जायें.

सीएम गहलोत ने यह नसीहत दी थी

उल्लेखनीय है कि सीएम अशोक गहलोत ने अमरिंदर सिंह के पंजाब के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद शनिवार को ट्वीट कर कहा था मुझे उम्मीद है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ऐसा कोई कदम नहीं उठायेंगे, जिससे कांग्रेस पार्टी को नुकसान हो. सीएम गहलोत ने कहा कि हाईकमान को कई बार विधायकों एवं आमजन से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी हित में निर्णय करने पड़ते हैं. मेरा व्यक्तिगत भी मानना है कि कांग्रेस अध्यक्ष कई नेता जो मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में होते हैं उनकी नाराजगी मोल लेकर ही मुख्यमंत्री का चयन करते हैं.