तालिबान को पाल रहा पाकिस्तान, रिश्ते को लेकर दोबारा सोचेगा अमेरिका- ब्लिंकन
अफगानिस्तान (Afghanistan) में तालिबान सरकार (Taliban) का गठन हो चुका है. इन दिनों जितनी चर्चा तालिबान की हो रही है, उतनी ही चर्चा पाकिस्तान के बारे में है. तालिबान के आने के बाद खुशियां मना रहे पाकिस्तान को अमेरिका ने चेतावनी दे दी है. अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन (Antony Blinken) ने कहा है कि पाकिस्तान (Pakistan) से उसके रिश्ते इस बात पर निर्भर करेंगे कि तालिबान के साथ उसके संबंध कैसे होने वाले हैं. आने वाले दिनों में अमेरिका पाकिस्तान के साथ रिश्ते को लेकर समीक्षा करेगा. ब्लिंकन ने इस दौरान अफगानिस्तान में भारत की मौजूदगी को भी सराहा. उन्होंने कहा कि भारत की मौजूदगी से अफगान में पाकिस्तान की नुकसानदेह गतिविधियों पर असर जरूर हुआ है.
अफगानिस्तान के घटनाक्रम के संबंध में अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में सुनवाई होनी है. ब्लिंकन सोमवार को संसद की विदेश मामलों की समिति के समक्ष पेश हुए. उन्हें सीनेट की विदेश संबंध समिति के समक्ष मंगलवार को पेश होना है.