US में फिर पैर पसार रहा कोरोना, ICU बेड भरे, 43 अस्पतालों में भटकने के बाद मरीज की मौत
अमेरिका (USA) में हार्ट अटैक (Heart Attack) के एक मरीज को 43 अस्पतालों ने भर्ती करने से मना कर दिया. समय पर इलाज न मिल पाने के कारण उस शख्स की मौत हो गई है. दरअसल इन सभी अस्पतालों के आईसीयू इस वक्त कोरोना मरीजों से भरे हुए हैं. स्थिति ये हो गई है कि अन्य बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को आईसीयू की सुविधा तकरीबन न के बराबर मिल पा रही है.
अमेरिका के अल्बामा राज्य के रे डिमोनिया नाम के शख्स को बीते 1 सितंबर को हार्ट अटैक आया. इसके बाद डिमोनिया के परिवारवाले अस्पतालों में भटकते रहे लेकिन एक अदद आईसीयू बेड नहीं मिल पाया. एक अस्पताल के डॉक्टरों ने बेड दिलवाने की बहुत की तो मिसिसिप्पी के एक अस्पताल में बेड मिल पाया. लेकिन डिमोनिया वहां पहुंचने के पहले तक दम तोड़ चुके थे.
अब परिवार लोगों से वैक्सीनेशन करवाने के लिए कर रहा अपील
अब डिमोनिया के परिवारवाले लोगों से अपील कर रहे हैं कि वो कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज जरूर लगवाएं. दरअसल अमेरिका में फिर से संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं. वायरस के डेल्टा स्वरूप से संक्रमित मरीजों से अस्पताल भर रहे हैं, बड़ी संख्या में बच्चे बीमार पड़ रहे हैं और कुछ जगहों पर कोरोना वायरस से काफी मौतें हो रही हैं. कहीं कहीं महामारी के बाद सबसे अधिक मौत हो रही हैं.