भारत में 13 दिन में लगाई गईं कोविड वैक्सीन की 10 करोड़ डोज, WHO ने की तारीफ; 75 करोड़ का आंकड़ा हुआ पार
कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ भारत में अब तक 75 करोड़ से अधिक टीकाकरण किए गए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोमवार को यह जानकारी दी. टीकाकरण अभियान में तेजी के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी भारत की तारीफ की है.
75 करोड़ से अधिक वैक्सीनेशन पर मंडाविया ने भारत की जनता को बधाई देते हुए लिखा, ‘पीएम नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका प्रयास के मंत्र के साथ विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान निरंतर नए आयाम गढ़ रहा है. आजादी का अमृत महोत्सव यानि आज़ादी के 75वें वर्ष में देश ने 75 करोड़ टीकाकरण के आँकड़े को पार कर लिया है.
कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान में तीव्र गति से आगे बढ़ने के लिए डब्ल्यूएचओ ने भारत की तारीफ करते हुए कहा, ‘कोविड-19 टीकाकरण में तेजी से भारत को बधाई.’ वैश्विक संस्था ने आगे लिखा, ‘भारत को पहले 10 करोड़ टीकाकरण के आंकड़े को छूने के लिए 85 दिन लगे थे, लेकिन 65 करोड़ खुराक से 75 करोड़ खुराक तक का सफर भारत ने सिर्फ 13 दिनों में पूरा कर लिया.’