एलएनआईपीई में शारीरिक प्रशिक्षण प्रबंधक व पीटीआई शुरू

लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में आज सीआरपीएफ ग्वालियर के अफसरों व जवानों के लिए 21 दिन की शारीरिक प्रशिक्षण प्रबंधक व पीटीआई (फिजीकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर) कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार डुरेहा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। शुभांरभ समारोह के विशिष्ट अतिथि आरपी पांडे (आईजी, सीटीसी, ग्वालियर) व प्रो. विवेक पांडे (प्रभारी कुलसचिव, एलएनआईपीई) रहें। शुभारंभ समारोह का आरंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के आगे दीप प्रजवलन के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. डुरेहा व विशिष्ट अतिथियों का स्वागत व संबोधन हुआ।
सभा में सर्वप्रथम संबोधन विशिष्ट अतिथि श्री आर.पी पांडे का हुआ, अपने संबोधन में उन्होने कुलपति प्रो. डुरेहा, प्रभारी कुलसचिव प्रो. पांडे, प्रो. विल्फ्रेड वॉज व डॉ गौरव सनरौत्रा को कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद कहा। विशिष्ट अतिथि पांडे ने सभा का बताया कि हम पिछले एक वर्ष से एलएनआईपीई (जो कि एशिया में शारीरिक शिक्षा सबसे का प्रतिष्ठित संस्थान हैं) के साथ इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर रहे थे, मैं बहुत आभारी हुं संस्थान के कुलपति प्रो. डुरेहा कि उन्होने इस पूरे कार्यक्रम अंतिम रूपरेखा तैयार करने के साथ ही आज कार्यक्रम के शुभांरभ होने तक हमारा बहुत सहयोग किया। हमारे लिए यह कार्यक्रम काफी आवश्यक हैं क्योंकि हमारे कार्यक्षेत्र में फिटनेस की सबसे अहम भुमिका होती हैं। हमारे जवान पहाड़ो, जंगलों, युद्ध क्षेत्र व कड़ी ट्रेनिंग के दौरान चोटिल हो जाते हैं और कई ऐसे जवान होते हैं जो चोट से उबर नहीं पाते व उन्हें समय से पहले सैन्य सेवा से बाहर जाना पड़ता हैं। इस कार्यक्रम के द्वारा हमारे जवान चोटों से कैसे बचें, अपने शरीर को ट्रेनिंग के लिए कैसे तैयार करें तथा चोट से कैसे सफलतापूर्वक स्वस्थ होकर कार्य पर लौटे, इन सभी महत्वपूर्ण पक्षों को समझ सकेंगे व इस पर कार्य कर सकेंगे।
सभा में अपने संबोधन मे कुलसचिव प्रो. पांडे ने कहा कि इस कोर्स का आयोजन करना हमारे लिए भी विशेष हैं, आपके साथ कार्य करके हम ऐसा अनुभव हो रहा हैं जैसे हम देश की सेवा में लगे हैं। आप लोगों में देश के प्रति स्वयं से पहले देश के बारे में सोचने का जो विचार होता हैं, इस गुण को हम सभी इस कार्यअवधि के दौरान अवश्य ही आत्मसात करना चाहेंगे। मैं आपसे यह भी अनुरोध करना चाहुंगा कि आप कोर्स के समापन पर हमें फीडबैक अवश्य दें जिससे हम भविष्य के लिए आपके अनुसार कोर्स में उचित बदलाव कर सकें। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. डुरेहा का संबोधन हुआ। अपने संबोधन में कुलपति प्रो. डुरेहा ने कहा कि हमारे लिए आज का दिन यादगार हैं क्योंकि आज से पहले हमने कभी भी किसी भी सैन्य बल के साथ ऐसे कार्यक्रम का आयोजन नही किया हैं मैं आईजी श्री पांडे जी को धन्यवाद कहना चाहुंगा कि उन्होने हमें अपने साथ कार्य करने का अवसर दिया। मैं स्वयं भी सैन्य परिवार से आता हुं, मेरे बहुत सारे मित्र सेना में हैं, हमारे संस्थान के कई सारे पूर्व छात्र सेना में हैं तो मैं काफी प्रसन्न हुं कि हम साथ में ऐसे कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं जिससे सीआरपीएफ के जवानों को लाभ होगा। हम इस कार्यक्रम के द्वारा अपना सर्वोत्तम प्रयास करेंगे कि आपको बेहतर तैयार कर सकें व जानकारी दे सकें और जैसा कि कुलसचिव प्रो. पांडे ने कहा कि आप अपना फीडबैक अवश्य दें जिससे कि हम भविष्य में आपके अनुसार कार्यक्रम में उचित सुधार कर सकें। आपके साथ इस कार्यक्रम का समाचार जब भारतीय वायु सेना के ग्वालियर केंद्र को मिला तो उन्होने भी हमें अनुरोध किया हैं कि हम उनके साथ भी ऐसे कार्यक्रम को सांझा करें। हमें प्रसन्नता हैं कि आप लोगो के द्वारा हम भी देश की सेवा का लाभ उठा पाएंगे। कार्यक्रम में स्वागत भाषण डॉ प्रमोद कुमार दास व धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. गौरव सनरौत्रा ने प्रेषित किया।