वकील की हत्या के विरोध में पूरे MP के वकील हड़ताल पर, CM मोहन यादव मुर्दाबाद के नारे लगाए
ग्वालियर. शिवपुरी के करैरा में वकील की हत्या के विरोध में पूरे मध्यप्रदेश के वकील सोमवार को काम से विरत, यानी हड़ताल पर हैं। सोमवार दोपहर 12.30 बजे वकीलों ने कोर्ट परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। वकीलों ने करैरा पुलिस का पुतला दहन किया और मुख्यमंत्री मोहन यादव मुर्दाबाद के नारे लगाए। इतना ही नहीं आक्रोशित वकीलों ने शासन को अल्टीमेटम दिया है कि सात दिन के अंदर यदि एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू नहीं होता है तो सभी वकील भोपाल पहुंचकर सीएम हाउस का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे।
तीन आरोपियों को शॉर्ट एनकाउंटर
सोमवार को वकील कोर्ट तो आए, लेकिन काम नहीं किया। शिवपुरी में कोर्ट जाते समय दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या से वकीलों में काफी आक्रोश है। हालांकि हत्या के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को शॉर्ट एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ लिया है, लेकिन इसके बाद भी आक्रोश कम नहीं हो रहा है। वकीलों की हड़ताल से ग्वालियर में हाईकोर्ट के एक हजार और सेशन कोर्ट के लगभग दो हजार केस प्रभावित हुए हैं।
आज प्रदेश के सभी कोर्ट में वकील काम नहीं कर रहे
ग्वालियर अंचल के शिवपुरी जिले के करैरा में दो दिन पहले सुबह कोर्ट के लिए निकले एडवोकेट संजय सक्सेना की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड से पूरे मध्यप्रदेश में सनसनी फैल गई थी। कोर्ट जाते समय वकील की हत्या से मध्यप्रदेश के सभी कोर्ट के वकील आक्रोशित हैं। इस पर तत्काल स्टेट बार एसोसिएशन, बार एसोसिएशन और कोर्ट से जुड़े अन्य कर्मचारी संगठनों ने बैठक कर इस घटना का कड़ा विरोध जताने का निर्णय लिया। इसी क्रम में आज सोमवार को मध्यप्रदेश के सभी कोर्ट में वकील काम नहीं कर रहे हैं।
वकीलों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस व प्रशासन अलर्ट
सोमवार दोपहर हाईकोर्ट व जिला एवं सत्र न्यायालय के वकील एकजुट हुए और धरना प्रदर्शन किया। वकीलों ने शिवपुरी के करैरा थाना पुलिस का पुतला दहन किया है। साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव मुर्दाबाद के नारेबाजी की गई। वकीलों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस व प्रशासन अलर्ट नजर आया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन पाठक के नेतृत्व में वकीलों ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर एक ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम एसएडीएम अतुल सिंह को सौंपा है।