प्रशासनिक टीम खंगालेगी मदरसे की कुंडली

ग्वालियर-एजी ऑफिस दफ्तर के पास स्थित मदरसे के मामले में जिला प्रशासन से गठित जांच समिति की कार्रवाई रिपोर्ट मिलने के बाद शुरू होगी। यह कमेटी जिला पंचायत के CEO सोजान सिंह की अध्यक्षता में बनाई गई है। यह टीम मदरसे के पंजीयन से लेकर बच्चों के रखे जाने व शिक्षा तक के मामले की पड़ताल करेगी। टीम में SDM, जिला शिक्षा अधिकारी व अन्य विभागों के अधिकारियों को रखा गया है। यह कमेटी फिलहाल इसी मदरसे दारुल कुरआन की जांच करेगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही जिला प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
23 अक्टूबर को बाल अधिकार संरक्षण आयोग और बाल कल्याण समिति (CWC) की टीम ने इस मदरसे पर छापा मारा था। जिस दौरान सामने आया कि मदरसे का पंजीयन सक्षम विभागों में नहीं है और 26 बच्चों को अवैध तरीके से रखा गया है। बाल कल्याण समिति की बेंच ने सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।
यह खामियां पाई थीं आयोग ने
शिक्षा का अधिकार (आरटीई) की धारा का उल्लंघन।
पूरे मामले की जांच हो और 7 दिन में आयोग को रिपोर्ट दी जाए।
सभी जब्त दस्तावेज एवं बच्चों को परिजनों को सुपुर्द किए जाने वाली प्रक्रिया के दस्तावेज आयोग को दें।
जिले में चल रहे सभी मदरसों की जांच की जाए।
कमेटी ने जांच शुरू कर दी
मदरसे की जांच के लिए कमेटी काम शुरू कर रही है। फिलहाल हम इस दारुल कुरआन मदरसे की ही जांच करेंगे। ताकि, उसमें मिले बच्चे, उनकी शिक्षा आदि को लेकर सभी बिंदु स्पष्ट हो सकें।
सोजान सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी-जिला पंचायत