नवग्रह शक्तिपीठ पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर मंदिर की भव्यता और वास्तुकला को सराहा

ग्वालियर. केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरूवार की रात को डबरा स्थित नवनर्मित नवग्रह शक्तिपीठ में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने नवनर्मित मंदिर देवी देवताओं के दर्शन कर पूजा -अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि के लिये प्रार्थना की। सिंधिया ने पूरे मंदिर परिसरका भ्रमण किया। वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर की सुन्दर वास्तुकला की सराहना करते हुए उन्होंने कहा है कि जिस श्रद्धा और समर्पणके साथ इस दिव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। वह पूरे प्रदेश के लिये गर्व की बात है। नवग्रह शक्ति पीठ आने वाले समय में आस्था और धार्मिक चेतना का एक बड़ा केन्द्र बन कर उभरेगा।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने साथ परिसर में कराया भ्रमण
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने पूर्व गृहमंत्री से मुलाकात कर उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिये शुभकामनायें दी। इस मौके पर डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सिंधिया को अपने साथ पूरे परिसर का भ्रमण कराया तो सिंधिया ने कहा है कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। मंदिर परिसर की साज-सज्जा और आयोजन की भव्यता को देखकर उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों को भी सराहा।
जयकारों और भक्तिमय गीतों से गूंजा परिसर
सिंधिया के आगमन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां मौजूद रहे। पूरा मंदिर परिसर जयकारों और भक्तिमय गीतों से गूंज उठा। केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि यह शक्तिपीठ सनातन संस्कृति को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।