पंजशीर में लड़ रहे मसूद ने तालिबान के सामने जंग खत्म करने का प्रस्ताव रखा, लड़ाई में पंजशीर के कई शीर्ष कमांडर मारे गए

पंजशीर. अफगानिस्तान के पंजशीर में रेजिस्टेंस फोर्स (अहमद मसूद का गुट) और तालिबान के बीच जंग जारी है। इस बीच रेजिस्टेंस फोर्स के कमजोर पड़ने की खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक अहमद मसूद ने तालिबान के सामने जंग खत्म करने का प्रस्ताव रखा है। इससे पहले उन्होंने पंजशीर और अंदराब में तालिबानी हमले रोकने की शर्त रखी है।

बताया जा रहा है कि तालिबान इस समय मजबूत स्थिति में है। तालिबानी लड़ाके पंजशीर में ताकत के दम पर कब्जा चाहते हैं। लड़ाई मसूद ने शुरू की थी, इसलिए तालिबानी लड़ाकों में गुस्सा है। तालिबान का एक धड़ा रेजिस्टेंस फोर्स के विद्रोहियों को सजा देना चाहता है। तालिबान का दावा है कि उनके लड़ाके पंजशीर गवर्नर के दफ्तर में दाखिल हो गए हैं।

कई बड़े कमांडर मारे गए

लड़ाई में पंजशीर के कई शीर्ष कमांडर मारे गए हैं। इनमें सबसे प्रमुख फहीम दश्ती हैं। पत्रकार रह चुके फहीम पंजशीर के प्रवक्ता भी थे। उनके अलावा मसूद परिवार से जुड़े कमांडर भी मारे गए हैं। इनमें गुल हैदर खान, मुनीब अमीरी और जनरल वूदाद शामिल हैं।

तालिबान सूत्रों ने पंजशीर के कई शीर्ष कमांडरों के मारे जाने की पुष्टि की थी। अब मसूद गुट ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। इस बीच अफगानिस्तान के पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह जिस घर में ठहरे थे, उस पर हेलीकॉप्टर से हमला हुआ है। सालेह को सुरक्षित ठिकाने पर ले जाया गया है।