UP News : योगी सरकार के आदेश पर अमल, अवैध शराब पर अंकुश के लिए तहसील स्तर पर निगरानी

नोएडा. जहरीली शराब कांड के बढ़ते मामलों को देखते हुए आबकारी विभाग अब तहसील स्तर पर निगरानी करेगा. तहसील स्तर पर 1 इंस्पेक्टर, 4 सिपाही और 2 हेड कांस्टेबिल तैनात किए जाएंगे. अवैध शराब बनाने और बेचने वालों की धरपकड़ के लिए प्रवर्तन इकाई को वाहन भी उपलब्ध करवाया जाएगा. जिन सिपाहियों के पास रायफल नहीं है, उन्हें रायफल उपलब्ध करवाई जाएगी. ये बातें अपर मुख्य सचिव संजय आर भूसरेड्डी ने बताईं.

दरअसल, पिछले दिनों आगरा में जहरीली शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन मामलों को सख्ती से रोकने के लिए आबकारी प्रवर्तन इकाइयों को मजबूत बनाने और स्थानीय स्तर पर उन्हें सक्रिय करने के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया था. आपको बता दें कि फिलहाल हर जिला आबकारी कार्यालय में दो वाहन उपलब्ध हैं, जिनमें से एक वाहन जिला आबकारी अधिकारी के पास रहता है और दूसरा किराये पर अनुबंधित वाहन प्रवर्तन इकाई के पास. पूरे जिले में शराब माफिया से निबटने के लिए ये साधन कम पड़ जाते हैं.

अपर मुख्य सचिव के मुताबिक, हाल ही में 142 नए आबकारी निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं. इनमें से 130 की संस्तुति हुई और 80 की ट्रेनिंग भी शुरू हो गई है. इन्हें सीयूजी मोबाइल फोन, पिस्टल और एक्साइज मैनुअल उपलब्ध करवाए जा रहे हैं. अपर मुख्य सचिव के मुताबिक, इस वित्तीय वर्ष के लिए आबकारी विभाग को 36000 हजार करोड़ रुपये के राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य दिया गया है. शासन स्तर पर तय हुआ कि अवैध शराब बनाने, बेचने वालों के खिलाफ अंकुश के लिए विभाग की प्रवर्तन इकाइयां मजबूत बनाई जाएं. उन्हें जरूरी संसाधनों दिए जाएं और इस मद में 200 से 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएं.