TKSS: फैन के रिक्वेस्ट पर अक्षय कुमार ने शाहरुख खान को किया कॉल, कपिल बोले-SRK पीसीओ में काम करते हैं ?
मुंबई: एक्टर्स के सामने कई बार फैंस अजीबो-गरीब मांग रख देते हैं और एक्टर उन्हें पूरा करने की कोशिश भी करते हैं. कुछ ऐसा ही हुआ बॉलीवुड खिलाड़ी अक्षय कुमार (Akshay Kumar) के साथ. हाल ही में अक्षय ‘द कपिल शर्मा शो’ (The Kapil Sharma Show) पर पहुंचे हुए थे. शो के दौरान एक एक महिला फैन ने अपने फेवरेट स्टार शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) से बात करने की इच्छा जाहिर की. अक्षय ने फैन की चाहत का सम्मान करते हुए शाहरुख को फोन मिला दिया.
अक्षय कुमार ने शाहरुख खान का नंबर मिला कर उसे स्पीकर पर रख दिया. उधर से नंबर स्विच ऑफ बता रहा था, तो फैन ने कहा कि सर दूसरे नंबर पर कॉल करो. इस पर शो के होस्ट कपिल शर्मा मजाक करते हुए कहते हैं कि- शाहरुख खान पीसीओ में काम करते हैं ?. फिर लड़की अक्षय से कहती है सर कोई और नंबर नहीं है, इस पर अक्षय कहते हैं कि ‘मैं शाहरुख के दूसरे नंबर पर ट्राई करता हूं’. इस पर फैन बोलती है कि ‘सर उनकी वाइफ गौरी खान को कॉल कर लें’. यह सुनकर वहां मौजूद सारे लोग ठहाका मारने लगते हैं. कपिल कहते हैं कि ‘सारी बात आप पे आएगी. गौरी भाभी बोलेंगी ‘अक्षय जी आप हमारे पति को बिगाड़ रहे हैं’. फाइनली शाहरुख से फैन की बात नहीं हो पाती है, लेकिन वह अक्षय को कोशिश करने के लिए शुक्रिया कहती है.
अक्षय कुमार अपनी फिल्म ‘बेलबॉटम’ के प्रमोशन के लिए ‘द कपिल शर्मा शो’ पर पहुंचे हुए थे. उनके साथ को-स्टार वानी कपूर, हुमा कुरैशी और प्रोड्यूसर जैकी भगनानी भी थे. ‘द कपिल शर्मा शो’ के नए सीजन पर ये पहले गेस्ट थे. अक्षय की फिल्म 19 अगस्त को रिलीज हो चुकी है. इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स का अच्छा रिस्पॉंस मिल रहा है.
बता दें कि अक्षय कुमार और शाहरुख खान ने एक साथ ‘दिल तो पागल है’ में काम किया था. इसके अलावा दोनों एक्टर्स ‘ओम शांति ओम’ और ‘हे बेबी’ फिल्म में गेस्ट अपीयरेंस में नजर आए थे. शाहरुख ने एक बार मीडिया को दिए इंटरव्यू में जब पूछा गया था कि अक्षय के साथ कोलॉबरेशन क्यों नहीं हो पाता है. इस सवाल के जवाब में शाहरुख ने मजेदार जवाब दिया था. उन्होंने कहा था कि ‘जब मैं सोने जाता हूं तो अक्षय के जगने का समय हो जाता है. उनका दिन जल्दी शुरू हो जाता है. जब मैं काम करना शुरू करता हूं तो वह पैकिंग कर घर जा रहे होते हैं’.