तालिबान नेता बरादर ने कहा- अफगानिस्तान में इतनी आसान जीत की नहीं थी उम्मीद, असली इम्तिहान अब शुरू

तालिबान के डिप्टी लीडर मुल्ला बारादर (Taliban Leader Mullah Baradar) ने रविवार को कहा कि अफगानिस्तान (Afghanistan) की अशरफ गनी सरकार (Asharaf Ghani Government) के खिलाफ उनकी जीत अप्रत्याशित रूप से बड़ी तेज रही और दुनिया में इसकी किसी और के साथ तुलना नहीं की जा सकती. बता दें कि तालिबान ने अफगानिस्तान से अमेरिका के निकलने की समय सीमा पूरी होने से पहले ही काबुल पर कब्जा कर लिया और एक हफ्ते में ही अफगानिस्तान के ज्यादातर शहरों पर फतह हासिल कर ली. अपने छोटे से वीडियो संदेश में बारादर में कहा, ‘अफगानिस्तान में तालिबान की असली परीक्षा अब शुरू हो रही है और लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ उनकी जरूरतों को पूरा करना हमारा लक्ष्य होगा.’

बारादर की प्रतिक्रिया काबुल पर तालिबान के कब्जे के कुछ घंटे बाद आई. काबुल पर कब्जे के दौरान तालिबान को नाममात्र का संघर्ष करना पड़ा और अफगान राष्ट्रपति अशरफ गनी के साथ कई सरकारी अधिकारी देश छोड़कर चले गए हैं. खबरों के मुताबिक इस बीच तालिबान ने काबुल स्थित सरकारी टेलीविजन चैनल पर कब्जा कर लिया है और लोगों से शांत रहने की अपील की है. ANI ने अलजजीरा के हवाले से ये जानकारी दी है.

तालिबान के राजनीतिक ऑफिस के प्रवक्ता मोहम्मद नईम ने अलजजीरा से बातचीत में कहा कि अफगानिस्तान में युद्ध खत्म हो गया है. नईम ने कहा, ‘हम अफगानिस्तान की सभी हस्तियों से बातचीत के लिए तैयार हैं और उन्हें सुरक्षा की पूरी गारंटी देंगे.’ उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि विदेशी ताकतें अफगानिस्तान में अपने असफल अनुभवों को दोहराने की कोशिश नहीं करेंगे.

नईम ने कहा कि काबुल स्थित सभी दूतावास और विदेशी राजनयिक मिशन सुरक्षित हैं. उन्होंने अपने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पूरे आत्मविश्वास के साथ कुशल तरीके से रहें. खबरों के मुताबिक अफगानिस्तान में जल्द ही इस्लामिक गणराज्य की पुनर्स्थापना के लिए तालिबान अभियान शुरू करेगा.

इस बीच अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई, अब्दुल्ला अब्दुल्ला और पूर्व मुजाहिद्दीन नेता गुलबुद्दीन हेकमेत्यार ने तालिबान को शांतिपूर्वक सत्ता हस्तांतरित करने और अफरातफरी का माहौल रोकने के लिए समन्वय परिषद (Coordination Council) का गठन किया है.