UP: स्वतंत्रता दिवस से पहले कुशीनगर में पकड़ा गया अफगानिस्तान का युवक, पूछताछ में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

कुशीनगर. 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर है. इसी कड़ी में कुशीनगर जिले (Kushinagar) में कुबेरस्थान थाने की पुलिस ने शनिवार को पिपरा जटामपुर गांव के खुशी पट्टी में एक व्यक्ति के घर से अफगानिस्तान निवासी युवक को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये युवक ने पूछताछ में अपना नाम अहमद सगीर व पता नहियेसेदेह, मजांग, काबुल अफगानिस्तान बताया है. बताया जा रहा है कि वह 2014 में ही टूरिस्ट वीजा पर दिल्ली आया था. 18 जुलाई को कुशीनगर पहुंचा था. पुलिस ने बिना वीजा के रह रहे युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस के साथ ही आईबी और एटीएस की टीम युवक के बारे में गहनता से पूछताछ में जुटी है.

बता दें कि पिपरा जटामपुर गांव के खुशीपट्टी निवासी फखरुद्दीन अंसारी पुत्र उस्मान अंसारी के घर 18 जुलाई से रह रहे अजनबी युवक की बोलचाल की भाषा से गांव के लोगों को उस पर संदेह हुआ. बाद में युवक ने फखरुद्दीन के घर वालों से यहीं के पते पर जब आधार कार्ड बनवाने की बात कही तो फखरुद्दीन के घर वालों के साथ साथ ग्रामीणों में युवक के प्रति संदेह और भी बढ़ गया.

ग्रामीणों ने इसकी सूचना कुबेरस्थान पुलिस को दी. आज एसओ संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव पहुंच कर युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंची. पूछताछ में युवक ने पहले अपना पता कश्मीर बताया बाद में पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अहमद समीर पुत्र अब्दुल सबूर निवासी नहियेसेदेह, मजांग, काबुल अफगानिस्तान बताया. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां युवक से पूछताछ कर रही है.

उधर, यूपी के डीजीपी मुकुल गोयल ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश भर में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बस, रेलवे, मेट्रो स्टेशनों और हवाई अड्डों समेत बाजार व मॉल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से पुलिस कर्मियों को तैनात करने को कहा है.