राहुल इस हफ़्ते आएंगे MP, चित्रकूट में मंदिर दर्शन के बाद शुरू होगा अभियान

राहुल गांधी इस हफ़्ते फिर मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं. चित्रकूट में मंदिर दर्शन के बाद उनका विंध्य का दौरा शुरू होगा. अक्टूबर के पहले हफ़्ते में वो महाकौशल और उसके बाद मालवा- निमाड़ का दौरा करने का कार्यक्रम है.

राहुल गांधी 27 सितंबर को दो दिन के दौरे पर मध्यप्रदेश आ रहे हैं. वो सतना और रीवा ज़िले के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वो दो बड़ी जनसभाएं करेंगे. साथ ही चार अन्य सभाएं और रोड-शो करने का कार्यक्रम है.

राहुल गुरूवार 27 सितंबर को दिल्ली से विशेष विमान से सुबह दस बजे इलाहाबाद जाएंगे और वहां से हैलिकॉप्टर से चित्रकूट पहुंचेंगे. चित्रकूट में वो मंदिर में दर्शन करने जाएंगे और उसके बाद दोपहर 12 बजे सभा को संबोधित करेंगे. राहुल गांधी दोपहर एक बजे सतना पहुंचेगे. वहां दोपहर दो बजे जनसभा को संबोधित करेंगे.

राहुल करीब सवा तीन बजे वहां से रीवा के लिए रवाना हो जाएंगे. वो बस से रवना होंगे. जहां शाम पांच बजे से डेढ़ घंटे तक रोड-शो करेंगे. उसके बाद शाम साढ़े छह बजे सिरमौर में आर.के. आडिटोरियम के सामने जनसभा को संबोधित करेंगे. राहुल रात में रीवा में ही रुकेंगे.

शुक्रवार 28 सितम्बर को राहुल गांधी दोपहर एक बजे रीवा के बैकुंठपुर में एक सभा को संबोधित करेंगे. उसके बाद लालगांव में और फिर चुमारी-त्यौंथर में भी सभाओं को संबोधित करेंगे. शाम साढ़े पांच बजे वो हेलीकाप्टर से इलाहाबाद के लिए रवाना हो जाएंगे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.

विंध्य के बाद भी राहुल गांधी का मध्य प्रदेश दौरा जारी रहेगा. 5 और 6 अक्टूबर को वो जबलपुर दौरे पर आएंगे. जबलपुर के साथ कटनी में रोड शो करेंगे. 15-16 अक्टूबर को राहुल मालवा निमाड़ के दौरे पर आएंगे.