जेएएच की लिफ्ट में 3 घंटे फंसी रहीं वृद्धा, डायल 100 ने पहुंचकर किया रेस्क्यू तब फंसे लोग बाहर आये
जयारोग्य चिकित्सालय में एक 70 वर्षीय वृद्धा अपने नाती के साथ लगभग 3 घंटे तक लिफ्ट में फंसी रही। खराबी की वजह से लिफ्ट बीच रास्ते में अटक गयी थी। लिफ्ट के अन्दर से ही डायल 100 को खबर की। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने अपने स्तर पर प्रयास शुरू किये।
पुलिस ने सबसे पहले लिफ्ट को सही करने का प्रयास किया और फोन से परिवार के संपर्क में रहें और साथ ही लिफ्ट के कन्ट्रोल सिस्टम से ही अन्दर फेन स्टार्ट किया। जिससे फंसे लोगों को घुटन न हो और इसके बाद एक टीम मैकेनिक को लेकर पहुंची। तब जाकर लिफ्ट सही हो सकी। इस बीच गुरूवार की रात 11.30 बजे से रात 2.30 बजे तक दो लोग लिफ्ट में फंसे रहे।
क्या है पूरा मामला
ग्वालियर निवासी 70 वर्षीय यशोदा बाई के कूल्हे में परेशानी थी। परिजन ने उन्हें जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया था। गुरुवार की रात को उनकी देखभाल के लिए 18 वर्षीय नाती प्रकाश भी साथ में रूका था। रात को पेशेंट को एक्स-रे के लिए नाती पहली मंजिल पर लाया था। जब वह लिफ्ट से वापस जा रहे थे तभी अचानक लिफ्ट खराब हो गई। उसमें यशोदा बाई और प्रकाश फंस गए। अंदर से प्रकाश ने सीधे DIAL 100 को सूचना दी। सूचना मिलते ही DIAL 100 का स्टाफ आरक्षक दीपक अहिरवार, आरक्षक विनोद गहलोद व चालक दीपक नागवंशी मौके पर पहुंच गए। तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। पर पुलिस लिफ्ट को सही नहीं कर पा रही थी। लिफ्ट के मैकेनिक का फोन रिसीव नहीं हो रहा था। रात 11.30 बजे मिले पॉइंट के बाद पुलिस की टीम ने काफी प्रयास किए। लिफ्ट के अंदर लगे फैन को शुरू किया, जिससे अंदर फंसी वृद्धा और युवक को घुटन न हो। DIAL 100 की टीम मैकेनिक को लेकर जेएएच पहुंची और उसके बाद रात 2.30 बजे लिफ्ट सही हो सकी। जिसके बाद यशोदा बाई व प्रकाश को सकुशल बाहर निकाला जा सका।