ग्वालियर में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने वाले 2 बदमाश को पुलिस ने पकड़ा

ग्वालियर में प्रॉपर्टी डीलर की गला घोंटकर हत्या करने वाले 5-5 हजार के दो इनामी आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को अरेस्ट किया है। दोनों ने पकड़े गए जाने के बाद कुबूल किया है कि उन्होंने दोस्ती की खातिर यह हत्या की है। दोनों पुलिस से बचने के लिए बार-बार ठिकाना बदल रहे थे पर सिरोल थाना पुलिस को सोमवार को उनकी सही लोकेशन मिली और उनको अरेस्ट कर लिया गया है। अभी दोनों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

सीएसपी विश्वविद्यालय रत्नेश सिंह तोमर ने बताया कि 10 जुलाई को गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम विहार निवासी सचिन तोमर पुत्र श्यामवीर सिंह तोमर शव मॉडल टाऊन के पास सूनसान इलाके में मिला था। प्रॉपर्टी डीलर का शव उसकी ही कार में पड़ा मिला था। कार की चाबी, मोबाइल व पर्स गायब था। मामले की जांच की तो पता चला कि प्रॉपर्टी डीलर की हत्या उसके दोस्त अमित जैन निवासी दंडी मंडी ने अपने साथी विक्की चौहान और आशीष के साथ मिलकर की थी। मामले का पता चलते ही पुलिस ने अमित को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन विक्की और आशीष फरार हो गए थे। पुलिस को सोमवार को पिन पाइंट सूचना मिली थी कि वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी शहर में रुपए का इंतजाम करने आए हुए हैं। इसका पता चलते ही पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पहले वह हत्या नहीं करने की बात कहते रहे, लेकिन आखिर में हत्या करना कुबूल किया है। दोस्ती की खातिर हत्या में शामिल होने की बात की है। पर असल कारण मुख्य आरोपी अमित जैन को प्रॉपर्टी डीलर से लेनदेन था जिस कारण उसने बचपन के दोस्त की हत्या कर दी।

पुलिस से बचने के लिए पकड़े गए बदमाश लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे, जिससे वह पुलिस के हाथ नहीं आ रहे थे। अब पुलिस टीम उनसे पूछताछ कर उन्हें शरण देने वाले लोगों की जानकारी जुटाने में लग गई है।