हरियाणा: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने खट्टर सरकार को बताया सांप-सपोलिये, BJP को सांपों की मां
भिवानी. हरियाणा में जहां बारिश की बौछारें उमस भरी गर्मी से राहत दे रही हैं, तो वहीं दूसरी तरफ नेताओं के बयानों की बौछारें राजनीति को गरमा रही हैं. अब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर (Ashok Tanwar) के विवादित बोल सामने आए हैं. उन्होंने भाजपा नेताओं को सांप व सपोलिये और भाजपा को सांप की मां (Mother of Snake) कहा है. अशोक तंवर ने कहा कि इन्हें मारने पर ही देश का भला होगा.
बता दें कि अशोक तंवर बुधवार को लंबे समय बाद भिवानी पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने भाजपा और उसके नेताओं को लेकर विवादित बयान दिया. साथ ही सरकार से किसानों की मांग मानने और तीनों कृषि क़ानून रद्द करने की मांग की. जासूसी मामले पर सभी सरकारों को एक समान बताते हुए कार्रवाई की मांग की है.
कांग्रेस पर भी सवाल खड़े किए
सबसे पहले अशोक तंवर ने हरियाणा के सीएम को बदले जाने की चर्चाओं पर विवादित बयान दिया. तंवर ने कहा कि ये तो सांप व सपोलिये हैं. देश को बचाना है तो सांप की मां यानि भाजपा को मारना होगा. इसके साथ ही उन्होंने जासूसी मामले पर भाजपा के साथ पूर्व की कांग्रेस सरकार पर भी सवाल खड़े किये और कहा कि जासूसी हर सरकार करवाती है. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जासूसी के बाद जांच में क्या मिला, उसके आधार पर कार्रवाई भी होनी चाहिए.
किसानों की मांग को जायज बताया
अशोक तंवर ने किसानों की मांग को जायज बताया और कहा कि मानसून सत्र किसानों के लिए नई उम्मीद है. उन्होंने केन्द्र सरकार से किसानों की मांग मानते हुए तीनों कृषि क़ानून रद्द करने की मांग की. साथ ही भिवानी में एक नाबालिग प्रवासी युवती की तस्करी और दुष्कर्म मामले में पुलिस का फेलियर व स्थानिय भाजपा नेताओं व दिवाली प्रधान की बेटी द्वारा नाबालिग के मामले का दबाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया.