'हमारे पूर्वज हिंदू थे, उन्होंने धर्म परिवर्तन किया था', नीतीश के मुस्लिम मंत्री के बयान से गरमाया धर्मांतरण का मुद्दा

पटना/वैशाली. धर्मातरण के मुद्दे पर हो रही सियासत के बीच बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने चौंकाने वाला बयान दिया है. उन्होंने न सिर्फ खुद को हिन्दू राजपूत बताया, बल्कि यह भी कहा कि धर्म परिवर्तन स्वेच्छा से अगर कोई करता है तो इसमें कोई गलत बात नहीं. उन्‍होंने कहा है कि उनके पूर्वज हिंदू राजपूत थे. उन्‍होंने इस्‍लाम धर्म कबूल कर लिया था. आज भी उनके पूर्वज के कई राजपूत वंशज हैं. उनसे पारिवारिक रिश्‍ता भी है. जमा खान ने ये बातें धर्म परिवर्तन के कई मामले सामने आने के बाद और यूपी में हो रही कार्रवाई के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कही. बोले, धर्म परिवर्तन स्वेच्छा से ही कराया जा सकता है, जबरन कोई नहीं करा सकता है.

जमा खान ने यह बयान बीते गुरुवार की शाम हाजीपुर कही थी. मीडिया में प्रकाशित खबरों के अनुसार उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन अपने मन से होता है और इसे जबरन नहीं कराया जा सकता है. अपना उदाहरण देते हुए उन्‍होंने उनके पूर्वज हिंदू थे. आज भी उनके खानदान के कई लेाग राजपूत हैं. इस पर उन्‍होंने कहा कि यहां लड़ाई छिड़ी हुई थी. तब बगल के इलाके से जयराम सिंह और भगवान सिंह यहां आए थे. बाद में भगवान सिंह ने इस्‍लाम धर्म कबूल कर लिया. वे मुसलमान हो गए.

'जबरन धर्म परिवर्तन नहीं'

जमा खान ने आगे कहा कि वह खानदान हमलोगाें का है. बगल के सरैयां गांव में जयराम सिंह का परिवार है. उस खानदान के लोग पटिदार हैं. वहां आज भी हमारा आना-जाना होता है. हमारे पारिवारिक संबंध हैं. उन्होंने कहा कि धर्म का मामला मोहब्‍बत से होता है. कोई जबरदस्‍ती की बात नहीं है. धर्म परिवर्तन भाईचारा और प्रेम से होता है. मेरे पूर्वज हिंदू थे लेकिन लाख कोई पिस्‍टल थमा दे तो क्‍या हम धर्म परिवर्तन कर लेंगे. बिल्‍कुल नहीं करेंगे. जो जबरन ऐसा कर रहे हैं वे बचेंगे नहीं.

बिहार में भी उठ रहा धर्मांतरण का मुद्दा

मंत्री ने आगे यह भी कहा कि बिहार में जो सरकार है, वह ऐसे लोगों को छोड़ेगी नहीं. कोई अपने मन से कर रहा है तो कोई बात नहीं, लेकिन जो जबरन ऐसा करते पकड़े जाएंगे उन्‍हें सजा मिलेगी. जो पकड़े जा रहे हैं उन्‍हें सजा जरूर होगी. बता दें कि विश्व हिंदू परिषद ने बिहार में धर्मांतरण के मुद्दे पर हाल में ही राज्यपाल फागू चौहान से मिलकर शिकायत की थी. कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा के विधायक जमा खान बहुजन समाज पार्टी की टिकट पर जीतकर विधानसभा पुहंचे थे, बाद में वे जदयू में शामिल हो गए और अभी वे बिहार में मंत्री हैं.