2 साल में फूट गई 700 करोड़ में बनी हरसी हाईलेबल नहर

ग्वालियर। 700 करोड़ रुपए की लागत से बनी हरसी हाईलेबल नहर चालू होने के 2 साल में ही बडेरा के पास स्थित गांव ओडाखार के पास फूट गई है। नहर फूट जाने से हरसी बांध से जो पानी रमौआ बांध को भरने के लिए छोड़ा गया 700 क्यूसेक पानी बर्बाद हो रहा है। वहीं इस मामले को लेकर जल संसाधन विभाग के अधिकारी से बात की गई तो उनका कहना है कि नहर नीचे है जिसके कारण पानी बर्बाद नहीं हो रहा है।

हरसी बांध पूरी तरह से लबालब हो चुका है, हरसी हाईलेबल नहर के जरिए बांध से पानी को छोड़कर उससे रमौआ बांध को भरा जाना है। इसके लिए जल संसाधन विभाग ने हरसी हाईलेबल नहर से पानी छोड़ दिया है। लेकिन यह पानी ओडाखार गांव के पास बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों ने नहर फूटने की जानकारी जल संसाधन विभाग को दी है लेकिन इसके बाद भी अभी तक नहर की मरम्मत नहीं हो सकी है।

जिसके कारण रमौआ बांध में पानी पूरे वेग से नहीं आ पा रहा है। ऐसी स्थिति रही तो रमौआ बांध जो दो से तीन दिन में भर जाना था वह एक सप्ताह में भी नहीं भर सकेगा। वहीं बारिश के बंद हो जाने के कारण संभवत जल्द ही जल संसाधन विभाग भी हरसी हाईलेबल नहर को बंद कर सकता है, जिसके कारण रमौआ बांध खाली रह जाएगा।