मोहम्मद रफी ने राकेश बनकर हिंदू महिला को फंसाया, बिना शादी 15 साल तक शोषण किया, धर्मांतरण भी कराया

सतना. मध्यप्रदेश में लव जिहाद के खिलाफ कानून बनने के बाद सतना जिले के कोलगवां थाने में इस अधिनियम के तहत पहला अपराध दर्ज किया गया है। ये कहानी 15 साल पहले शुरू हुई थी जब आरोपी रफी ने एक महिला को राकेश बनकर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया, महिला अपने पति को छोड़कर राकेश के साथ रहने लगी जिससे एक बेटी भी हुई। रफी कई वर्षों तक अपनी पहचान छिपाने में कामयाब रहा फिलहाल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

धर्म परिवर्तन कराया

आपको बता दें कि आरोपी की पोल बीते साल महिला के सामने खुल गई मगर उसने बेटी की हत्या करने की धमकी देकर पीडि़ता को चुप करा दिया था। इतना ही नहीं आरोपी ने दोनों का धर्म परिवर्तन भी करा दिया था साथ ही राशन कार्ड में मां-बेटी का नाम भी बदलवा दिया लेकिन आरोपी ने वैधानिक रूप से उसके साथ शादी नहीं की जिसके बाद पीडि़ता ने पुलिस की मदद ली।

मारपीट का भी आरोप

डेढ़ दशक बाद पीडि़ता ने रफी पर शादी करने का दबाव बढ़ाया तो वह भड़क गया और गाली-गलौज व मारपीट पर उतारू हो गया। अंततः महिला ने कुछ रिश्तेदारों को आपबीती सुनाते हुए 8 जुलाई की शाम को कोलगवां थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। लिहाजा पुलिस ने आईपीसी की धारा 376, 419, 506 के साथ ही मप्र धर्म स्वतंत्र अधिनियम 2021 की धारा 3, 4 और 5 का अपराध दर्ज करते हुए देर रात आरोपी मोहम्मद रफी को गिरफ्तार कर लिया।