ग्वालियर में इमरान खान ने उधारी मांगने पर दोस्त की गर्दन उड़ाई

ग्वालियर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, यहां लक्ष्मणपुरा इलाके में इमरान खान ने अपने ही दोस्त की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी क्योंकि उसने उधार दिए पैसे वापस मांगे, यही नहीं हत्या के बाद उसने लाश को ठिकाने लगाने की भी कोशिश की लेकिन नाकाम रहने पर पुलिस के पास जाकर मर्डर की कहानी सुनाई। यह घटना थाने से महज 50 मीटर दूर हुई थी।

हत्या की बात सुनते ही थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों ने अफसरों को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीएसपी ग्वालियर नागेन्द्र सिंह, टीआई विवेक अष्ठाना पुलिस बल के साथ जांच पड़ताल करने पहुंचे तो कमरे मे सिर कटी लाश पड़ी थी और सिर एक बोरे में रखा हुआ था।

पुलिस ने आरोपी इमरान खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित सरकारी मल्टी में रहने वाला अमृत लाल जाटव (35) सटरिंग का काम करता था वह मेरा दोस्त था। कुछ समय पहले अमृत लाल ने भीम नगर में मकान बेचा था जिसमें मिले रूपयों में से चार लाख रुपए मैंन उधार लिए थे। मेरी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी और अमृत लाल बार-बार पैसे देने के लिए दबाव बना रहा था। रुपए ना देने पर पत्नी द्वारा छेड़छाड की एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दे रहा था।

दोस्त के साथ पहले की शराब पार्टी, फिर गला काटा

आरोपी इमरान खान ने पुलिस को बताया कि गुरूवार रात अमृत लाल को उधार के रुपए देने के लिए मैंने घर बुलाया था। घर आने के बाद मैंने कहा कि पहले पार्टी करते है इसके बाद उसे शराब पिलाई जब वह नशे में था तब कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी। इसके बाद रातभर लाश को ठिकाने लगाने के लिए हिम्मत जुटाता रहा लेकिन ऐसा नहीं कर सका।

अब इस मामले में सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार का कहना है कि आरोपी ने पैसे के लेन-देन पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या की है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, हत्या की सूचना आरोपी ने ही दी थी।