कांग्रेस का बंद आज, चैंबर ने व्यापारियों पर छोड़ा मामला
डीजल-पेट्रोल के दामों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को दोपहर तीन बजे तक कांग्रेस ने भारत बंद का ऐलान किया है। इसके तहत शहर के निजी स्कूल संचालकों ने छुट्टी कर दी है। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने इसे राजनीतिक दल का आह्वान बताते हुए खुद को अलग रखा है और बाजार बंद रखने का फैसला व्यापारियों पर छोड़ दिया है। चैंबर ने डीजल-पेट्रोल के दामों में वृद्धि की निंदा की है।
शहर जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने बताया कि पेट्रोल-डीजल में मूल्य वृद्धि से सीधे तौर पर हर वर्ग प्रभावित हुआ है। महंगाई की मार ने जनता की कमर तोड़ दी है। इसलिए इसके विरोध में व्यापारिक संगठन, डीजल-पेट्रोल एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट यूनियन सहित अन्य संगठन भी बंद में सहयोग कर रहे हैं। कांग्रेस की टोलियां शहरभर में घूमकर बंद का भी आग्रह करेंगी। बंद के आह्वान के लिए 12 वाहनों की जिला प्रशासन से अनुमति ले ली है। अस्पताल, मेडिकल, डेयरी सहित अन्य अति आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है।
रविवार को कांग्रेस ने सभी ब्लॉकों में बैठकों का आयोजन कर बंद के लिए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को सड़क पर आने को कहा। युवक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष मितेन्द्र सिंह व हेवरन सिंह कंषाना ने लाउड स्पीकरों के माध्यम से बंद का आह्वान किया। जिला कांग्रेस ने भी शहर में प्रचार वाहन दौड़ाए और बंद का ऐलान कराया।
बंद की पूर्व संध्या पर रविवार की शाम कांग्रेस ने शहर की तीनों विधानसभाओं में मशाल जुलूस निकाले और बंद का समर्थन मांगा। पूर्व विधानसभा क्षेत्र में बारादरी चौराहा से कांग्रेसी हाथों में जलती मशाल लेकर निकले और मोदी व शिवराज सरकार हाय-हाय जैसे नारे लगाते हुए सदर बाजार से होते हुए बस स्टैंड पहुंचे। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा की राज्य व केन्द्र सरकारों ने जनता को धोखा दिया है। उसे सबक सिखाने का शंखनाद 10 सितंबर से किया जा रहा है।
जुलूस में पूर्व विधायक रामवरन सिंह गुर्जर, सुरेन्द्र शर्मा, लतीफ खां, विनोद जैन, सुरेन्द्र सिंह परमार चच्चू, प्रेम सिंह कौरव, रघुराज सिंह राजपूत, सुनील श्रीवास, रमेश पाल आदि शामिल थे। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में गस्त का ताजिया से महाराज बाड़ा, सराफा बाजार होते हुए राममंदिर तक मशाल जुलूस निकाला गया। कांग्रेसी भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र मे किलागेट से हजीरा तक मशाल जुलूस निकाला गया। इनमें जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, सुनील शर्मा, मुन्नाालाल गोयल, किशन मुदगल, अशोक प्रेमी, संजय यादव, कमलेश कौरव,कृष्णराव दीक्षित, वीरेन्द्र सिंह तोमर, मोहित सिंह जाट, मधुलिका क्षीरसागर, राजकुमार शर्मा आदि शामिल थे।