राजनांदगांव: शराब की लत से तंग 2 नाबालिग बहनों ने कर दी अपने ही पिता की हत्या

राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले अम्बागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम बेलरगोन्दी भगवान टोला में हत्या (Murder) के एक मामले से सनसनी फैल गई है. यहां दो नाबालिग बहनों पर कुल्हाड़ी से वार कर अपने ही पिता को मौत के घाट उतारने का आराेप लगा है. अंबागढ़ पुलिस मामले की जांच में जुटी है. मृतक का नाम सहदेव नेताम उम्र 45 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस का दावा है कि उसकी दो बेटियों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है. सहदेव आए दिन शराब पीने के बाद घर मे विवाद करता था. बीते बुधवार को बात इतनी बढ़ी कि दोनों बहनों ने मिलकर कुल्हाड़ी मार कर उसकी हत्या कर दी.

पुलिस के मुताबिक मृतक सहदेव नेताम शराब का आदी था, जो शराब सेवन करने के बाद आए दिन अपनी पत्नी व अपने बच्चों को मारता पीटता था. वारदात के समय सहदेव अपनी पत्नी को मारने के लिए कुल्हाड़ी उठाया था, जिसमें उसकी दोनो बेटियों ने बीच-बचाव कर अपनी मां को बचाया. उसके बाद दो नाबालिग बेटियों ने पिता से तंग आकर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना पर अंबागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दोनों नाबालिगों को पुलिस अपने साथ ले गई. नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि वो पिता की शराब की लत से काफी दिनों से परेशान थीं. शराब पीने के बाद वो बेकाबू हो जाते थे और मां के साथ ही हमलोगों से भी मारपीट करते थे. बीते बुधवार को बात तब ज्यादा बढ़ गई, जब वो मां को जान से मारने की कोशिश में कुल्हाड़ी चलाने लगे. इसी दौरान बीच-बचाव में घटना में हो गई.