जो व्यक्ति मां का नहीं हुआ वह प्रदेश का क्या होगाः देवेश शर्मा

ग्वालियर । मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा को मिल रहे भारी जनसमर्थन से कांग्रेस कुंठित और बेचैन हो गई है, उसे समझ में आ रहा है कि उसका सत्ता में आने का सपना अब कभी पूरा नहीं होगा। कुंठाओं से उपजी हताशा कांग्रेस को इस स्तर तक ले जाएगी कि वे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह जी के वाहन पर ही पथराव करेंगे, यह सोचकर ही शर्म आती है, लेकिन इस बात के पुख्ता प्रमाण सामने आए हैं कि अजय सिंह के विधानसभा क्षेत्र में हुआ यह कायराना हमला सोची समझी साजिश का नतीजा है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने भाजपा जिला कार्यालय मुखर्जी भवन के सामने धरने को संबोधित करते हुए कही।
श्री शर्मा ने कहा कि जो व्यक्ति मां का नहीं हुआ वह प्रदेश का क्या होगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा रविवार शाम सीधी जिले के चुरहट पहुंची, जहां कांग्रेस के लोगों ने मुख्यमंत्री के रथ पर पथराव किया था। घटना के समय मुख्यमंत्री श्री चौहान रथ में मौजूद थे, लेकिन जनता के आशीर्वाद और ईश्वर की कृपा से पत्थर उन्हें नहीं लगा और वे सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि पथराव को कांग्रेस के कार्यकर्ताओ ने अंजाम दिया। धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वेदप्रकाश शर्मा ने कहा कि आप लोग जो धरने का आशय सुन रहे थे मैं आपको बताना चाहता हूं कि जैसे मछली को पानी से बाहर निकाल लिया जाता है और वह जिस तरह तडपने लगती है उसी तरह कांग्रेस का हाल है, वह सरकार में आने के लिए मछली की तरह तडप रही है। सरकार में आने के लिए कांग्रेस के द्वारा निंदनीय, शर्मनाक और घटिया कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों से भाजपा और शिवराज का राज नहीं रूकेगा और विकास का रथ भी नहीं रूकेगा।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह ने कहा कि राजा महाराजाओं को एक गरीब किसान के लडके का राज पंसद नहीं आ रहा है। कांग्रेस अपनी संभावित हार से बौखला गई है और हताशा में इस तरह के कृत्य करा रही है, जो लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले कई दिनों से प्रदेश का वातावरण बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार मुख्यमंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग करती रही है, लेकिन हमने संयम बरता क्योंकि भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ता अनुशासित और संस्कारित हैं। साडा अध्यक्ष राकेश जादौन ने कहा कि हुए कांग्रेस शांति में अशांति फैलाने का काम करती है। आज कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई जैसे खिस्सायनी बिल्ली खंभा नोचे। उन्होंने कभी विकास के कार्य नहीं किए। इसलिए आज उन्हें विकास पंसद नहीं आ रहा है, मुख्यमंत्री की लोकप्रियता पंसद नहीं आ रही है। कांग्रेस अपनी आखिरी पारी खेल रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी कायराना घटनाएं निंदनीय हैं और इसके लिए जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विवेक जोशी ने कहा कि मध्यप्रदेश में हो रहे तेज विकास और सामाजिक सुरक्षा के कार्य कांग्रेस को रास नहीं आ रहे हैं। दुर्भाग्य से कांग्रेस को विकास के कारण अपना जनाधार खिसकता नजर आ रहा है।पिछले 15 सालों में मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से विकसित राज्य की श्रेणी में लाकर खड़ा करने वाले मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह जी की लोकप्रियता में कांग्रेस को अपना पतन दिखाई दे रहा है। धरने का संचालन जिला महामंत्री कमल माखीजानी एवं आभार जिला महामंत्री महेश उमरैया ने व्यक्त किया। इस अवसर पर धरने को पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर भदौरिया, राकेश शर्मा, श्रीमती विनती शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती खुशबू गुप्ता, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह चौहान, मुख्यमंत्री जनकल्याण प्रकोष्ठ के जिला संयोजक नूतन श्रीवास्तव, विशंभर गुरू सहित आदि नेताओं ने भी संबोधित किया।
धरने के अंत में जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा के नेतृत्व में माननीय राज्यपाल के नाम जिला अधिकारी को ज्ञापन देकर पथराव करने वाले कांग्रेस नेताओं और उनके समर्थकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।