MBBS स्टूडेंट की संदिग्ध मौत, परिजनों को आशंका- सेल्फी लेते वक्त युवती का बिगड़ा संतुलन और ब्रिज से गिरी नीचे
इंदौर. सागर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज की MBBS तृतीय वर्ष की छात्रा की इंदौर में संदिग्ध परिस्थित में मौत हो गई. परिवार ने आशंका वक्त की है कि सेल्फी लेने के दौरान संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह का खुलासा हो सकेगा.
ये दर्दनाक हादसा इंदौर के राजेंद्र नगर थाना इलाके का है. 22 साल की मृतिका नेहा आरसे छुट्टियों पर घर आई थी. नेहा और उसका चचेरा भाई घूमने निकले. दोनों प्रतीक सेतु पर पहुंचे और कुछ देर खड़े रहे. उसका चचेरा भाई चिप्स लेने नजदीक की दुकान पर चला गया. जब वह लौटा तो देखा कि नेहा ब्रिज से नीचे गिर गई है. भाई गंभीर अवस्था में युवती को निजी अस्पताल ले गया, जहा डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मौत की वजह पता नहीं
हालांकि, मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है. परिवार के सदस्यों को भी इस बारे में फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है. हालांकि, कुछ परिजन आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि सेल्फी लेने के दौरान संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ है. हादसे के बाद चोइथराम अस्पताल ने राजेंद्र नगर पुलिस को युवती की मौत की सूचना दे दी.
हत्या-आत्महत्या एंगल पर जांच कर रही पुलिस
पुलिस फिलहाल सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है. हादसा और आत्महत्या के ऐंगल पर जांच की जा रही है. परिवार आत्महत्या से इंकार कर रहा है. राजेंद्र नगर थाने के जांच अधिकारी अमर सिंह भीलवार के मुताबिक़ चोइथराम अस्पताल से नेहा नामक युवती के मौत की जानकारी मिली थी. शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है. उसके बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.