अंतरिक्ष में पौधों की सिंचाई के तरीके खोज रहा है नासा का यह प्रोजेक्ट

नासा (NASA) पिछले कुछ सालों से इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में पौधे उगाने के प्रयोगों में शून्य गुरुत्व (Zero Gravity) के हालात में उनकी सिंचाई के तरीके खोज रहा है.

दुनिया के बहुत सारे देश अब अंतरिक्ष में लंबी दूरी की यात्राओं की तैयारी करने में लग गए हैं. इन लंबे मानव अभियानों (Long Human Missions) के लिए कई तरह की चुनौतियां हैं जिनमें से सबसे बड़ी है यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था जो बहुत ज्यादा मात्रा में और बहुत लंबे समय के लिए पृथ्वी से नहीं भेजी जा सकती. ऐसे में वैज्ञानिक अंतरिक्ष में भोजन उत्पादन के प्रयोग कर रहे हैं. नासा (NASA) भी इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर पौधे उगाने और उससे संबंधित प्रयोग कर रहा है इसमें एक खास प्रोजेक्ट अंतरिक्ष में पौधों को पानी देने की समस्या का समाधान खोजना भी है.

इंसान के भोजन में सबसे प्रमुख हिस्सा पौधों से आता है ऐसे में अंतरिक्ष में पौधे उगा पाना कई समस्याओं को एक साथ हल कर सकता है. लेकिन अंतरिक्ष में पौधे उगाना आसान नहीं हैं. वहां शून्य गुरुत्व का प्रभाव रहता है और पौधों का पनपना गुरुत्व पर बहुत ज्यादा निर्भर रहता है. पृथ्वी के बाहर खेती में नासा एक कारगर तरीके की खोज में है.