सऊदी अरब से पाकिस्तान को दान में मिली चावल की बोरियां, विपक्ष ने इमरान को घेरा
तीन दिन की यात्रा पर सऊदी अरब (Saudi Arabia) पहुंचे पाकिस्तान (Pakistan) के प्रधानमंत्री इमरान खान अपने देश लौट गए हैं. उनके दौरे पर विपक्ष सहित पाकिस्तान की जनता भी सवाल उठा रही है. सऊदी सरकार ने पाकिस्तान को चावल की 19,032 बोरियां दान की हैं. पाकिस्तान का विपक्ष इसे अपने देश की बेइज्जती बता रहा है. पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा कि इमरान जितनी कीमत के चावल सऊदी अरब से लेकर आए हैं, इससे ज्यादा पैसे तो उन्होंने अपनी यात्रा पर खर्च कर दिए.
इमरान इस यात्रा पर अपने साथ एक दर्जन मंत्रियों और दोस्तों को भी साथ ले गए थे. हालांकि, इमरान सरकार इस यात्रा को अपनी बड़ी उपलब्धि बता रही है. भुट्टो ने सऊदी अरब के दान देने के समय पर भी सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि सऊदी ने पाकिस्तान को ये मदद जकात या फितरा समझकर दी है. उन्होंने कहा कि इमरान खान ने राजनीति के क्षेत्र में 22 साल इस दिन को देखने के लिए ही मेहनत की थी. उन्हें न्यूक्लियर आर्म्ड कंट्री के लिए इस तरह की मदद लेने से पहले सोचना चाहिए था.