दिग्गज भाजपा नेता अभय मिश्रा ने इस्तीफा दिया, कांग्रेस ज्वाइन की

भोपाल। रीवा जिले के जिला पंचायत अध्यक्ष व भाजपा के पूर्व विधायक अभय मिश्रा ने भाजपा छोड़ दिल्ली स्थित अभा कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (प्रदेश प्रभारी) दीपक बावरिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह व संगठन प्रभारी महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी मौजूद थे।
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत मिश्रा ने कहा कि भाजपा में रहकर मैं, न केवल घुटन महसूस कर रहा था, बल्कि पंचायतीराज के सपनों को भी साकार करने में असमर्थ था, क्योंकि पंचायतीराज की अवधारणा स्वर्गीय राजीव गांधी की ही थी। लिहाजा, अब कांग्रेस पार्टी में आकर मैं स्व. राजीव गांधी जी के सपनों को बहुत हद तक साकार कर सकूंगा। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने अभय मिश्रा के कांग्रेस प्रवेश पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे समूचे विंध्य में कांग्रेस का आधार न केवल मजबूत होगा, बल्कि मिश्रा का कांग्रेस प्रवेश भारतीय जनता पार्टी के कांग्रेस मुक्त भारत के बहुप्रचारित नारे को धूल-धुसरित भी करेगा