मुख्यमंत्री श्री चौहान से देवराज और उसके माता-पिता ने की भेंट

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से लिवर ट्रांसप्लांट करा कर आए 6 वर्षीय देवराज और उसके माता-पिता ने मुख्यमंत्री निवास पर भेंट की। मुख्यमंत्री श्री चौहान की पहल पर शाजापुर जिले के ढाबला धीर गाँव के देवराज का लिवर ट्रांसप्लांट भोपाल के निजी अस्पताल में सफलतापूर्वक किया गया था। देवराज अब पूर्णत: स्वस्थ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान का आभार व्यक्त करने देवराज और उसके माता-पिता मुख्यमंत्री निवास आए थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मिष्ठान खिलाकर देवराज को शुभकामनाएँ दी और देवराज के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

उल्लेखनीय है कि 6 वर्षीय देवराज, लिवर की विल्सन डिजीस से पीड़ित था । इलाज के लिए लिवर ट्रांसप्लांट होना था। देवराज के माता-पिता की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे अपने पुत्र का इलाज करा पाते। मुख्यमंत्री श्री चौहान को मीडिया से इस स्थिति की जानकारी हुई, तो उन्होंने देवराज का इलाज शासकीय व्यय से कराने का निर्णय लिया। भोपाल के बंसल अस्पताल में देवराज का सफल लिवर ट्रांसप्लांट हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान, देवराज का हालचाल जानने स्वयं अस्पताल भी गए थे।